बांका में घायल छात्र आनंद की आठ दिन बाद मौत, फूटा जनाक्रोश, जाम, आगजनी व पथराव

Updated:
विज्ञापन
बांका में घायल छात्र आनंद की आठ दिन बाद मौत, फूटा जनाक्रोश, जाम, आगजनी व पथराव

रोते-बिलखते परिजन.

कटोरिया थाना क्षेत्र के राधानगर स्थित माउंट केरला आवासीय विद्यालय में हुए जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल सात वर्षीय छात्र आनंद कुमार की इलाज के दौरान मौत के बाद सोमवार को जनाक्रोश फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने कटोरिया-बांका मुख्य मार्ग को करीब ढाई घंटे तक जाम कर आगजनी, पथराव और तोड़फोड़ की. घटना में कई पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि देर रात एसपी ने कटोरिया पहुंचकर मामले की समीक्षा की.

विज्ञापन
कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट

Banka News : कटोरिया थाना क्षेत्र के राधानगर स्थित माउंट केरला आवासीय विद्यालय में आठ दिन पूर्व हुए जानलेवा हमले में गंभीर रूप से जख्मी एलकेजी के सात वर्षीय छात्र आनंद कुमार की सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद पूरे इलाके में जनाक्रोश फूट पड़ा. मौत की खबर मिलते ही परिजन, ग्रामीण और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में राधानगर बाजार पहुंच गए तथा कटोरिया-बांका मुख्य मार्ग पर शव रखकर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया. करीब ढाई घंटे तक मुख्य सड़क पूरी तरह जाम रही, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. आक्रोशित लोगों ने पुलिस वाहन पर भी पथराव किया. पुलिस वाहन के साथ-साथ कई वाहनों के शीशे फोड़ दिया.

पुलिस वाहन पर भी किया पथराव

प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. हालात उस समय और तनावपूर्ण हो गए जब कुछ उग्र प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वाहनों पर पथराव शुरू कर दिया. पथराव में कटोरिया थाना, जयपुर थाना, आनंदपुर थाना तथा डायल 112 गश्ती दल के वाहनों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए. एसडीपीओ के वाहन में भी तोड़फोड़ का प्रयास किया गया, लेकिन चालक सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को सुरक्षित निकालने में सफल रहा. इसके अलावा जाम में फंसी एक बस, एक ट्रक और एक स्कॉर्पियो पर भी पथराव कर क्षति पहुंचाई गई. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

सूचना मिलते ही एसडीपीओ डॉ. रवींद्र मोहन प्रसाद, कटोरिया इंस्पेक्टर रंजीत कुमार, थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार, चांदन थानाध्यक्ष श्रीकांत भारती, सुईया थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार झा, आनंदपुर थानाध्यक्ष विनोद कुमार तथा जमदाहा थाना के एसआई प्रवेश कुमार चौधरी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा. अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया. इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, लेकिन काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया और जाम हटवाया गया.

उपद्रवियों पर होगी कानूनी कार्रवाई

एसडीपीओ डॉ. रवींद्र मोहन प्रसाद ने बताया कि मामले में विद्यालय के डायरेक्टर राजीव कुमार रंजन को गिरफ्तार किया जा चुका है. उन्होंने दावा किया कि 15 दिनों के भीतर कांड का उद्भेदन कर मासूम के हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. वहीं पुलिस ने उपद्रव और तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की बात कही है.

देर रात पहुंचे एसपी, ली जानकारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार भी देर रात करीब साढ़े आठ बजे कटोरिया थाना पहुंचे. उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके.

अपराधियों के हमले में घायल हुआ था आनंद

गौरतलब है कि 22 जून को राधानगर स्थित माउंट केरला आवासीय विद्यालय परिसर में एलकेजी के छात्र आनंद कुमार पर अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से सिर और गर्दन पर एक दर्जन से अधिक वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था. प्रारंभिक इलाज के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए पटना भेजा गया था. सोमवार को पटना से भागलपुर ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई. मासूम की मौत की खबर फैलते ही पूरे कटोरिया क्षेत्र में शोक और आक्रोश की लहर दौड़ गई. अब पुलिस हत्या की गुत्थी सुलझाने के साथ-साथ उपद्रव की घटना में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई में जुट गई है.

ALSO READ : मीठापुर-न्यू बाइपास फ्लाइओवर जुलाई के दूसरे सप्ताह से होगा चालू, पटनावासियों को जाम से मिलेगी राहत

विज्ञापन
अजीत कुमार

लेखक के बारे में

By अजीत कुमार

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन