अमरपुर में महीनों से नहीं हुई नाले की उड़ाही, बदबू, मच्छर व जलजमाव से लोग त्रस्त

Updated:
विज्ञापन
अमरपुर में महीनों से नहीं हुई नाले की उड़ाही, बदबू, मच्छर व जलजमाव से लोग त्रस्त

Drain Cleaning Crisis : अमरपुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर 13 में सफाई व्यवस्था की बदहाली ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. महीनों से नाले की उड़ाही नहीं होने के कारण गंदा और बदबूदार पानी गलियों में बह रहा है. इससे एक ओर जहां महामारी फैलने की आशंका बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर मच्छरों का प्रकोप और जलजमाव लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गया है. स्थानीय लोगों ने नगर प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जल्द समाधान की मांग की है.

विज्ञापन

अमरपुर (बांका) से प्रीतम कुमार की रिपोर्ट

Banka News : अमरपुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर 13 स्थित जततो पोखर यादव मुहल्ले में नाले की नियमित सफाई नहीं होने से हालात बिगड़ते जा रहे हैं. नाले का गंदा पानी बीच गली में बह रहा है, जिससे लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई महीनों से नाले की उड़ाही नहीं हुई है, जिसके कारण गंदगी और बदबू लगातार बढ़ती जा रही है. इससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी मंडरा रहा है.

बरसात में और भयावह हो जाती है स्थिति

मुहल्ले के लोगों के अनुसार क्षेत्र में पीसीसी सड़क का अभाव है और नाले की अधिकांश पटिया टूट चुकी है. हल्की बारिश होते ही गली और सड़कें जलमग्न हो जाती हैं. बरसात के दिनों में लोगों को घर से निकलना भी मुश्किल हो जाता है. जलजमाव के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ती है. कई बार लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है.

मच्छरों और बदबू से बढ़ी बीमारी की आशंका

नाले का पानी गली में बहने के कारण दिन में भी मच्छरों का प्रकोप बना रहता है. गंदे पानी से उठने वाली बदबू ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है. ऐसे हालात में डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा लगातार बढ़ रहा है.

कई बार की शिकायत, फिर भी नहीं हुआ समाधान

वार्डवासियों ने बताया कि पीसीसी सड़क, नाला और पटिया निर्माण को लेकर कई बार नगर प्रशासन से शिकायत की गई है. इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. लोगों का आरोप है कि विकास कार्यों की योजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित रह गई हैं, जबकि जमीनी स्तर पर समस्या जस की तस बनी हुई है.

पार्षद ने दिया आश्वासन, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य

वार्ड पार्षद मनीषा कुमारी ने बताया कि सफाई कर्मियों को वार्ड में नियमित सफाई करने का स्पष्ट निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि पीसीसी सड़क, पटिया और पक्के नाले के निर्माण की योजना तैयार की गई है. योजना पारित होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा. साथ ही नाला उड़ाही के लिए सफाई जमादार को निर्देशित किया गया है. पार्षद ने कहा कि वार्ड का समुचित विकास उनकी पहली प्राथमिकता है और सफाई व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन