औरंगाबाद में मद्य निषेध पुलिस की कार्रवाई का विरोध, शराब बिक्री की सूचना पर पहुंची थी टीम
विरोध जताते ग्रामीण व समझाते पुलिसकर्मी | Prabhat Khabar Network
बिहार के ओबरा में शराब बिक्री की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम का ग्रामीणों ने विरोध किया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
Aurangabad Police Viral Video : औरंगाबाद के ओबरा थाना क्षेत्र के उब गांव में शराब बिक्री की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची मद्य निषेध एवं उत्पाद थाना, दाउदनगर की पुलिस टीम का ग्रामीणों द्वारा विरोध किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. हालांकि, वायरल वीडियो कब का है, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है. ‘प्रभात खबर’ भी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है.
बताया जा रहा है कि घटना करीब 10 से 15 दिन पुरानी है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है. बताया जाता है कि उब गांव के महादलित टोले में शराब बिक्री किए जाने की सूचना पर मद्य निषेध एवं उत्पाद थाना, दाउदनगर की टीम वहां छापेमारी करने पहुंची थी. सूचना के आधार पर टीम ने एक घर में जांच और छापेमारी की. हालांकि, पुलिस टीम को वहां से शराब या अन्य कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई.

छापेमारी की कार्रवाई समाप्त होने के बाद घर के परिजनों और कुछ ग्रामीणों ने पुलिस टीम का विरोध शुरू कर दिया. इस दौरान मौके पर हल्ला-हंगामा भी हुआ.
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ ग्रामीणों को विरोध और हंगामा करते देखा जा रहा है, जबकि पुलिसकर्मी उन्हें समझाने और शांत कराने का प्रयास करते नजर आ रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद इलाके में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
इस संबंध में औरंगाबाद के उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि वायरल वीडियो करीब 15-20 दिन पुराना है. उन्होंने बताया कि जिस घर में उत्पाद विभाग की टीम छापेमारी करने पहुंची थी, वहां का एक युवक पूर्व में शराब से संबंधित मामले में जेल जा चुका है. दोबारा शराब बिक्री किए जाने की सूचना मिलने पर टीम जांच और छापेमारी के लिए पहुंची थी.
उत्पाद अधीक्षक के अनुसार, छापेमारी के दौरान परिजनों और कुछ ग्रामीणों ने कार्रवाई का विरोध किया, जिसके बाद हल्ला-हंगामा हुआ था. इसी दौरान बनाए गए वीडियो को अब सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए