ePaper

अनियंत्रित होकर पलटा ट्रैक्टर, दबने से चालक सहित दो की मौत

Updated at : 22 Dec 2025 5:57 PM (IST)
विज्ञापन
अनियंत्रित होकर पलटा ट्रैक्टर, दबने से चालक सहित दो की मौत

गमहारी गांव स्थित ब्रह्म स्थान के समीप रफ्तार अधिक होने के कारण गड्ढे गया ट्रैक्टर

विज्ञापन

गमहारी गांव स्थित ब्रह्म स्थान के समीप रफ्तार अधिक होने के कारण गड्ढे गया ट्रैक्टर

औरंगाबाद/कुटुंबा.

रिसियप थाना क्षेत्र के गमहारी गांव स्थित ब्रह्म स्थान के समीप तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया. इस घटना में ट्रैक्टर चालक सहित दो लोगों की मौत हो गयी. मृतकों में थाना क्षेत्र के ही मुखतारपुर टोले सरेया गांव निवासी अनिल कुमार चंद्रवंशी व मिश्र करमा टोले बाबू लाल बिगहा गांव निवासी शिवा कुमार शामिल है. घटना रविवार की देर शाम की है. परिजनों ने बताया कि अनिल कई वर्षों से सुंदरगंज बाजार स्थित इसरार अंसारी के घर पर रहकर मजदूरी करता था. इसरार अंसारी का निर्माण सामग्रियों से संबंधित दुकान है. रविवार की देर शाम वह ट्रैक्टर पर सीमेंट, छड़ व गिट्टी लेकर शिवा कुमार के साथ किसी गांव में पहुंचाने गया था. हालांकि, दोनों ने सीमेंट, छड़ व गिट्टी को ग्राहक के पास सुरक्षित पहुंचा दिया. इसके बाद दोनों ट्रैक्टर पर सवार होकर वापस सुंदरगंज बाजार लौट रहे थे. जैसे ही दोनों थाना क्षेत्र के मौआर खैरा गांव होते हुए सुंदरगंज रोड में गमहारी गांव स्थित ब्रह्म स्थान के समीप पहुंचे, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया. ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान गड्ढे खुदवाये गये थे, जिसकी भराई नही की गयी थी. घने कोहरे की वजह से अनिल को कुछ दिखाई नहीं दिया और ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके नीचे दबने से दोनों की मौत हो गयी. घटना के बाद काफी देर तक दोनों घटनास्थल पर ही पड़े रहे. उसी रास्ते से गुजर रहे राहगीरों की नजर जब पलटे ट्रैक्टर पर पड़ी, तो शोरगुल मचाया. शोरगुल की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण पहुंचे, तो देखा कि दो लोग ट्रैक्टर के नीचे दबे है. इसके बाद दोनों को बाहर निकाला और रिसियप थाने की पुलिस को सूचना दी. रिसियप थानाध्यक्ष संजीत कुमार दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों को बाहर निकाला. इसके बाद शव की पहचान कर घटना की सूचना परिजनों को दी. परिजनों की चीत्कार से घटनास्थल दहल गया. वैसे रिसियप थाने की पुलिस दोनों शव को कब्जे के लेकर औरंगाबाद में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करायी और शव परिजनों को सौंप दिया.

लोगों ने सड़क जाम कर मुआवजे के लिए प्रदर्शन किया

इधर, पता चला कि घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने सड़क जाम कर मुआवजे के लिए प्रदर्शन किया. परिजन किसी अधिकारी की भी बात मानने को तैयार नही थे. अंततः समझौते के बाद मामला शांत हुआ और पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया. मृतक शिव के पिता श्याम नारायण राम ने बताया कि जब उनका बेटा देर शाम तक घर नहीं पहुंचा, तो कई बार उसके मोबाइल पर फोन लगाया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किया. अंत में उसे ढूंढने निकले. उसे ढूंढ़ते हुए सुंदरगंज बाजार तक गये, लेकिन कहीं भी उसका आता-पता नहीं चल सका था. सुबह दुर्घटना में उसकी मौत की जानकारी मिली. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तो वहीं दोनों गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. ट्रैक्टर चालक अनिल के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं, जबकि शिवा का भी एक मासूम बच्चा है.

उन्हीं दोनों की कमाई से चलता था उनका परिवार

रिसियप थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर पलटने से दो लोगों की मौत हुई है. शव का पोस्टमार्टम कराकर दाह संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है. इधर घटना की सूचना पर नवीनगर के पूर्व प्रत्याशी आमोद चंद्रवंशी सदर अस्पताल पहुंचे और परिजनों को समझा-बुझाकर ढांढ़स बंधाया. उन्होंने कहा कि घटना बहुत दुखद है. दोनों मृतक गरीब परिवार दे थे. उन्हीं की कमाई से परिवार का भरण-पोषण चलता था. उन्होंने जिला प्रशासन से मिलनेवाली मुआवजा राशि दिलाये जाने की भी बात कही है. इस दौरान दुधार पंचायत के पैक्स अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता, कौशलेंद्र चंद्रवंशी, नारायण राम, जयकिशोर चंद्रवंशी सहित अन्य लोग परिजनों को ढांढस बढ़ाया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SUJIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUJIT KUMAR

SUJIT KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन