11वीं परीक्षा को लेकर केंद्राधीक्षक व परीक्षा नियंत्रक ने किया निरीक्षण

निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य परीक्षा समिति द्वारा निर्धारित सभी मानकों व दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करना था
औरंगाबाद कार्यालय. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना द्वारा आयोजित 11वीं परीक्षा को कदाचारमुक्त व शांतिपूर्ण संचालन के उद्देश्य से बारुण प्रखंड के राजकीय कृत देवबंशी उच्च माध्यमिक विद्यालय सुंदरगंज परीक्षा केंद्र का केंद्राधीक्षक व प्रधानाध्यापक डॉ राकेश कुमार तथा परीक्षा नियंत्रक निरंजय कुमार द्वारा निरीक्षण किया गया. निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य परीक्षा समिति द्वारा निर्धारित सभी मानकों व दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करना था. ताकि, परीक्षार्थियों को निष्पक्ष, पारदर्शी व अनुशासित वातावरण में परीक्षा देने का अवसर प्राप्त हो सके. निरीक्षण के दौरान केंद्राधीक्षक व परीक्षा नियंत्रक ने परीक्षा केंद्र के सभी परीक्षा कक्षों में जाकर बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व वेंटिलेशन, प्रश्नपत्र व उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित वितरण, उपस्थिति पत्रक के संधारण, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, वीक्षकों की सतर्कता तथा प्रवेश एवं निकास व्यवस्था का गहन अवलोकन किया. इसके साथ ही परीक्षार्थियों की पहचान, जांच, अनुचित साधनों पर रोक, समय पालन तथा केंद्र के चारों ओर सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गयी. केंद्राधीक्षक व परीक्षा नियंत्रक ने उपस्थित वीक्षकों, केंद्र कर्मियों व विद्यालय प्रशासन को निर्देश दिया कि परीक्षा समिति द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाये तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा कदाचार को कदापि बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षार्थियों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखते हुए उन्हें तनावमुक्त वातावरण प्रदान किया जाये, ताकि वे पूर्ण एकाग्रता के साथ परीक्षा में सम्मिलित हो सकें. निरीक्षण के क्रम में उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित संकलन, सीलिंग व भंडारण की प्रक्रिया, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता तथा परीक्षा समाप्ति के उपरांत आवश्यक औपचारिकताओं की भी समीक्षा की गयी. परीक्षा नियंत्रक निरंजय कुमार ने सभी कर्मियों को समयबद्ध एवं जिम्मेदारीपूर्ण ढंग से अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया तथा यह स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाये रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है. निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्र पर परीक्षा शांतिपूर्ण, व्यवस्थित व अनुशासनपूर्ण वातावरण में संचालित पायी गयी. केंद्राधीक्षक व परीक्षा नियंत्रक ने विद्यालय प्रशासन व परीक्षा से जुड़े सभी कर्मियों द्वारा की गयी व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए शेष परीक्षा अवधि में भी इसी प्रकार सजगता, अनुशासन व पारदर्शिता बनाये रखने का निर्देश दिया. परीक्षा नियंत्रक निरंजय कुमार ने बताया कि वरीय पदाधिकारी के निदेशानुसार अमित कुमार राम, अरुण राय, आलोक कुमार, रश्मि मिश्रा, रिंकी कुमारी, कमल किशोर आदि को प्रतिनियुक्त किया गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




