ePaper

दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में किशोर की मौत, तीन की हालत गंभीर

Updated at : 01 Jan 2026 6:43 PM (IST)
विज्ञापन
दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में किशोर की मौत, तीन  की हालत गंभीर

गोह में भीषण सड़क हादसा : तिलन बिगहा मोड़ पर तेज रफ्तार बनी काल, बाइक 50 फुट तक हवा में उछली

विज्ञापन

गोह में भीषण सड़क हादसा : तिलन बिगहा मोड़ पर तेज रफ्तार बनी काल, बाइक 50 फुट तक हवा में उछली गोह. गोह थाना क्षेत्र के तिलन बिगहा मोड़ के समीप हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. तेज रफ्तार में आ रही दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में 16 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गयी, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद दोनों बाइक करीब 50 फीट तक हवा में उछल गयी. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित हो गया.मृतक की पहचान गोह प्रखंड के बर्मा खुर्द पंचायत अंतर्गत काजी बिगहा गांव निवासी जितेंद्र यादव के पुत्र ऋतिक कुमार (16) के रूप में की गयी है. ऋतिक अपने गांव काजी बिगहा से गोह स्थित अपनी फुआ के घर जा रहा था. उसी बाइक पर उसके साथ काजी बिगहा गांव निवासी नागेंद्र यादव का पुत्र प्यूष कुमार तथा ललेंद्र यादव के पुत्र लौकुश कुमार भी सवार थे. तीनों युवक एक ही बाइक पर गोह की ओर जा रहे थे.वहीं दूसरी बाइक पर गोह निवासी महबूबू अंसारी का पुत्र मुमताज सवार था, जो रफीगंज की ओर जा रहा था. जैसे ही दोनों बाइक तिलन बिगहा मोड़ के समीप पहुंचीं, अचानक आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गयी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग सहम गये और दौड़ते हुए घटनास्थल पर पहुंचे. हादसे के बाद सड़क पर खून बिखर गया और सभी युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को उठाया और निजी वाहनों की मदद से सभी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, गोह पहुंचाया. पीएचसी में चिकित्सकों ने जांच के बाद ऋतिक कुमार को मृत घोषित कर दिया. इधर घटना की सूचना मिलते ही गोह थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह पीएचसी पहुंचे और मामले की जानकारी ली. इसके बाद पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेज दिया. पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुट गयी है .इधर, जैसे ही ऋतिक की मौत की खबर उसके परिजनों तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया. परिजन बदहवास हालत में पीएचसी पहुंचे और शव देखते ही दहाड़ मारकर रोने लगे. मां-पिता और परिजनों के चीत्कार से अस्पताल परिसर गमगीन हो उठा. ऋतिक की असमय मौत से काजी बिगहा गांव सहित आसपास के इलाकों में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. ग्रामीणों ने बताया कि तिलन बिगहा मोड़ पर आये दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गयी है. लोगों ने प्रशासन से इस मोड़ पर यातायात नियंत्रण, स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SUJIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUJIT KUMAR

SUJIT KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन