बंगाल में गरजे पीएम मोदी- बंगालियों को अपनी ही मिट्टी पर अल्पसंख्यक नहीं बनने देंगे, ममता बनर्जी सरकार पर बोला हमला

Pm Modi Bengal Rally West Bengal Election 2026
PM Modi Bengal Rally: प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल में शनिवार को 3 जनसभाओं को संबोधित किया. उन्होंने टीएमसी के ‘महा-जंगलराज’ पर हमला बोला. उन्होंने बंगालियों को अल्पसंख्यक न बनने देने और 6 महीने में UCC लागू करने का वादा किया. जानें बंगाल की रैलियों में पीएम मोदी के भाषण बड़ी बातें.
PM Modi Bengal Rally: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के प्रचार अभियान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को धुआंधार प्रचार किया. पूर्व बर्धमान के कटवा, मुस्लिम बहुल जिले मुर्शिदाबाद के जंगीपुर और दक्षिण दिनाजपुर जिले के कूषमांडी में रैलियों को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ जमकर हमला बोला.
समान नागरिक संहिता लागू करने का वादा
मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुर में पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बंगाल में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति के कारण बंगाल की जनसांख्यिकी (Demography) तेजी से बदल रही है. भाजपा बंगालियों को उनके ही राज्य में अल्पसंख्यक नहीं बनने देगी.
UCC से खत्म होगा ‘महा-जंगलराज’ और तुष्टीकरण : मोदी
अमित शाह द्वारा जारी संकल्प पत्र का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा का घोषणापत्र बंगाल में तृणमूल के ‘महा-जंगलराज’ को समाप्त करने का ब्लूप्रिंट है. उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए तुष्टीकरण को जड़ से मिटाना जरूरी है. इसलिए सत्ता में आते ही 6 महीने के भीतर UCC लागू होगा. पीएम ने इस चुनाव को पश्चिम बंगाल की अस्मिता और पहचान को बचाने की जंग बताया.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
मां-माटी-मानुष को भूली टीएमसी : पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने टीएमसी के पुराने नारे पर तंज कसते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस अब ‘मां-माटी-मानुष’ को भूल चुकी है. ममता सरकार अब केवल घुसपैठियों के वोट से सत्ता में बने रहना चाहती है. उन्होंने कहा कि राज्य के कुछ हिस्सों में आबादी का संतुलन बहुत तेजी से बिगड़ रहा है, जिसे रोकने के लिए भाजपा सरकार कड़े कदम उठायेगी.
इसे भी पढ़ें : पूर्वस्थली में गरजे पीएम मोदी- 4 मई के नतीजों का ट्रेलर है यह जनसैलाब, घुसपैठियों को बोरिया-बिस्तर बांधने की चेतावनी
RG कर कांड और रामनवमी हिंसा पर सीधा हमला
मुर्शिदाबाद, पूर्व बर्धमान और दक्षिण दिनाजपुर की धरती से पीएम मोदी ने हालिया विवादों पर भी चुप्पी तोड़ी. उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी की सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है. आरजी कर कांड के दोषियों के साथ सत्तारूढ़ पार्टी मजबूती से खड़ी रही, जिसे जनता कभी नहीं भूलेगी.
रामनवमी शोभायात्रा पर हमला और कट मनी का मुद्दा भी उठाया
पीएम मोदी ने रामनवमी शोभायात्रा पर हमला, भ्रष्टचार और बंगाल की कट-मनी संस्कृति का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि पूरे देश में रामनवमी शांति से मनायी गयी, लेकिन बंगाल में टीएमसी के संरक्षण में शोभायात्राओं पर हमले हुए. हिंसा भड़कायी गयी. उन्होंने कहा कि वामदलों के गुंडे अब टीएमसी में हैं और ‘कट-कमीशन’ की पुरानी राजनीति को बढ़ावा दे रहे हैं. भाजपा सरकार आते ही जनता को लूटने वाले जेल में होंगे.
इसे भी पढ़ें : बर्धमान के कालना में आज गरजेंगे पीएम मोदी, 13 को कांकसा में ममता बनर्जी भरेंगी हुंकार
एआई (AI) और साजिश से रहें सावधान
पीएम मोदी ने जनसभा में लोगों को एक नयी तरह की साजिश से आगाह किया. उन्होंने कहा कि हार के डर से टीएमसी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार फर्जी वीडियो फैला रही है. उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे इस डिजिटल जाल में न फंसें और सतर्क रहें. उन्होंने मुर्शिदाबाद के रेशम किसानों की बदहाली का जिक्र करते हुए कहा कि ममता सरकार की अनदेखी ने उनका भविष्य बर्बाद कर दिया है.
तृणमूल के अंत का समय आ गया : मोदी
प्रधानमंत्री ने अंत में कहा कि अंग्रेजों से लेकर वामपंथियों तक, जिसने भी बंगाल को चुनौती दी उसका अहंकार टूटा है, अब तृणमूल के अंत का समय आ गया है.
इसे भी पढ़ें : भारत कोई धर्मशाला नहीं है…, बांकुड़ा में गरजे अमित शाह, बोले- जड़ से मिटा देंगे TMC का सिंडिकेट राज
पूर्व बर्धमान में पीएम मोदी के भाषण के 5 प्रमुख मुद्दे
- शरणार्थियों को नागरिकता और CAA की गारंटी : पीएम मोदी ने मतुआ और नामशूद्र समुदायों को भरोसा दिलाया कि उनका भविष्य तृणमूल की दया पर नहीं, बल्कि संविधान और सीएए (CAA) से सुरक्षित है. उन्होंने वादा किया कि भाजपा सरकार बनते ही नागरिकता देने की प्रक्रिया में तेजी लायी जायेगी.
- घुसपैठियों को ‘बोरिया-बिस्तर’ समेटने की चेतावनी : प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में अवैध रूप से आये घुसपैठियों को बाहर निकाला जायेगा. घुसपैठियों और उनके मददगारों को चेतावनी दी कि अब उनके जाने का समय आ गया है.
- महिलाओं को 3000 रुपए और सुरक्षा का वादा : महिला मतदाताओं को साधते हुए पीएम मोदी ने भाजपा की गारंटी दोहरायी कि सत्ता में आने पर महिलाओं को 3,000 रुपए प्रति माह भत्ता दिया जायेगा. उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जायेगी.
- भ्रष्टाचार पर ‘सबका हिसाब’ और श्वेत पत्र : प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के साथ ‘सबका हिसाब’ भी करेगी. तृणमूल के मंत्रियों, विधायकों और ‘सिंडिकेट’ के भ्रष्टाचार पर श्वेत पत्र (White Paper) लाया जायेगा और लुटेरों को जवाबदेह ठहराया जायेगा.
- किसानों को 9000 रुपए और आयुष्मान भारत का लाभ : किसानों के लिए पीएम मोदी ने ऐलान किया कि पीएम-किसान योजना के तहत सालाना 9,000 रुपए (6000 केंद्र + 3000 राज्य) दिये जायेंगे. पहली ही कैबिनेट बैठक में आयुष्मान भारत योजना लागू करने का संकल्प भी लिया.

दक्षिण दिनाजपुर में पीएम मोदी के भाषण की खास बातें
- सिंडिकेट राज पर प्रहार : पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में ‘सिंडिकेट’ ही सरकार चला रहा है. फुटबॉल (मेस्सी की यात्रा का जिक्र) से लेकर प्रशासन तक हर जगह भ्रष्टाचार और गिरोहबाजी का दावा करते हुए कहा कि टीएमसी ने ‘गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार’ में पीएचडी कर ली है.
- महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने की ‘मोदी की गारंटी’: आरजी कर कांड का हवाला देते हुए पीएम ने वादा किया कि भाजपा सरकार बनते ही टीएमसी शासन के दौरान महिलाओं के खिलाफ हुए अत्याचार और बलात्कार के हर पुराने मामले की फाइल फिर से खोली जायेगी. दोषियों की जवाबदेही तय होगी.
- आदिवासी और राजबंशी कार्ड : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अपमान का मुद्दा उठाते हुए मोदी ने टीएमसी को ‘आदिवासी विरोधी’ बताया. उन्होंने कहा कि भाजपा ने आदिवासी क्षेत्रों को माओवाद से मुक्त कराया है और राजबंशी व संथाल समुदायों के विकास के लिए पार्टी पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
- सीएए (CAA) और शरणार्थियों को नागरिकता : प्रधानमंत्री ने कहा कि मतुआ और नामशूद्र समुदाय के शरणार्थियों को नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के तहत सम्मानजनक नागरिकता दी जायेगी. उन्होंने इसे दशकों से पीड़ित लोगों के लिए ‘न्याय’ करार दिया.
- 5 साल का मौका और विकास की अपील : पीएम ने कहा कि बंगाल ने वामपंथ को 35 साल और टीएमसी को 15 साल दिये हैं. अब विकास के लिए ‘डबल इंजन’ सरकार को सिर्फ 5 साल दें. उन्होंने 2026 के चुनाव को ‘टीएमसी के डर बनाम भाजपा के भरोसे’ की लड़ाई बताया.
इसे भी पढ़ें
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By मिथिलेश झा
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










