औरंगाबाद पुलिस का बड़ा अभियान, 40 आरोपित गिरफ्तार, साइबर ठगी की 27,979 रुपये राशि कराई वापस
गिरफ्तार आरोपियों की तस्वीर
Aurangabad News : औरंगाबाद पुलिस ने छापेमारी अभियान में 40 अपराधियों को गिरफ्तार किया. भारी मात्रा में हथियार, बालू लदा ट्रैक्टर जब्त और साइबर धोखाधड़ी के पैसे वापस कराए गए.
Aurangabad News : अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए औरंगाबाद पुलिस की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है. जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 40 आरोपितों को गिरफ्तार किया. इनमें हत्या, दुष्कर्म, आर्म्स एक्ट, दहेज हत्या, हत्या के प्रयास, मद्यनिषेध और अन्य मामलों के आरोपित शामिल हैं. पुलिस ने 15 गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. वहीं 69 वारंटों का भी निष्पादन किया गया.
आपके शहर में
हत्या, दुष्कर्म और मद्यनिषेध मामलों में हुई गिरफ्तारी
पुलिस कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार हत्या के मामले में तीन, दुष्कर्म के मामले में दो, आर्म्स एक्ट के मामले में एक, दहेज हत्या के मामले में एक, हत्या के प्रयास के मामले में दो, मद्यनिषेध के मामलों में सात तथा अन्य मामलों में 24 आरोपितों की गिरफ्तारी की गई. पुलिस की ओर से जिले में अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है.
दो साइबर ठगी पीड़ितों के खातों में वापस कराई गई राशि
साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो पीड़ितों के खातों से धोखाधड़ी के जरिए निकाली गई राशि वापस कराने में सफलता हासिल की. साइबर थाना की टीम ने दाउदनगर शहर के वार्ड संख्या 13 निवासी उपेंद्र कुमार के पुत्र रोहित राम के खाते में 24 हजार 340 रुपये की ठगी की राशि वापस कराई.
वहीं रफीगंज थाना क्षेत्र के बाबूगंज निवासी रामचंद्र साव के पुत्र रविनंद किशोर के खाते में तीन हजार 639 रुपये वापस कराए गए. इस प्रकार साइबर ठगी के कुल 27 हजार 979 रुपये की राशि की रिकवरी की गई.
बालू लदा ट्रैक्टर जब्त, दो आरोपित गिरफ्तार
दाउदनगर थाना पुलिस ने बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपितों में ओबरा थाना क्षेत्र के कारा बाजार निवासी दिनेश राम के पुत्र गौतम कुमार और जम्होर थाना क्षेत्र के मेहदा गांव निवासी नागेंद्र सिंह के पुत्र मोहित कुमार शामिल हैं.
पुलिस ने दोनों आरोपितों को एक ट्रैक्टर और 100 सीएफटी बालू के साथ पकड़ा. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
देशी कट्टा के साथ आरोपित गिरफ्तार, पांच कारतूस बरामद
मुफस्सिल थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट के आरोपित पथरा गांव निवासी बबन यादव के पुत्र दीपक कुमार उर्फ टुटु को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपित के पास से एक देशी कट्टा भी बरामद किया है. मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है.
वहीं मदनपुर प्रखंड के आजन थाना की पुलिस ने भी आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए एक देशी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं.
दहेज हत्या और हत्या मामले के आरोपितों ने किया आत्मसमर्पण
रफीगंज थाना कांड संख्या 415/25 के दहेज हत्या मामले की आरोपित थाना क्षेत्र के अदलपुर निवासी राजेंद्र पासवान की पत्नी वासमती देवी ने पुलिस की लगातार छापेमारी के बाद न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया.
वहीं गोह थाना कांड संख्या 73/26 में हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत दर्ज मामले में तीन आरोपितों ने भी पुलिस की लगातार दबिश के बाद न्यायालय में आत्मसमर्पण किया. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी.
दुष्कर्म मामले के दो आरोपितों ने भी किया सरेंडर
महिला थाना कांड संख्या 14/26 में दुष्कर्म, दहेज अधिनियम और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज मामले में दो आरोपितों ने न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण किया. आत्मसमर्पण करने वालों में सीताराम सिंह के पुत्र जितेंद्र कुमार सिंह और एक महिला शामिल हैं. पुलिस के अनुसार दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी.
1,017 वाहनों की जांच, 96,500 रुपये जुर्माना वसूला
जिले में पुलिस की ओर से चलाए गए वाहन जांच अभियान के दौरान कुल 1,017 वाहनों की जांच की गई. विभिन्न मामलों में नियमों का उल्लंघन करने वालों से कुल 96 हजार 500 रुपये की शमन राशि वसूल की गई.
पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार अभियान के दौरान एक देशी कट्टा, पांच जिंदा कारतूस, 100 सीएफटी बालू और एक ट्रैक्टर जब्त किया गया. जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
Also Read : नवादा के गोविंदपुर में संत रविदास की 650वीं जयंती पर निकली भव्य कलश यात्रा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
