औरंगाबाद में शहीद संतोष साव किए गए याद, तिरंगा यात्रा के दौरान भावुक हुए लोग

Updated:
विज्ञापन

तिरंगा यात्रा में शामिल अधिकारी व अन्य | Prabhat Khabar Network

औरंगाबाद में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहीद संतोष साव को भावुकता से याद किया गया. 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत टेंगरा पंचायत में निकली तिरंगा यात्रा में देशभक्ति का जुनून और शहीदों के प्रति गहरा सम्मान देखा गया. डीएम अभिलाषा शर्मा सहित कई अधिकारी और ग्रामीण शामिल हुए.

विज्ञापन

Aurangabad Martyre Santosh Saw : स्वतंत्रता दिवस पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के गुरुवार को बारुण प्रखंड की टेंगरा पंचायत में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई. यात्रा में देशभक्ति का जोश और शहीद के प्रति श्रद्धा का भाव देखने को मिला. जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा समेत जिला स्तरीय पदाधिकारी, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए.

तिरंगा यात्रा टेंगरा पंचायत सरकार भवन से शहीद सिपाही संतोष साव के स्मारक स्थल तक निकाली गई. ‘वंदे मातरम्’ और ‘शहीद सिपाही संतोष साव अमर रहें’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा. यात्रा के दौरान लोगों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान का उत्साह दिखाई दिया. स्मारक स्थल पर जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा सहित जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने शहीद सिपाही संतोष साव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. इसके बाद डीएम ने शहीद के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें शॉल भेंट कर सम्मानित किया.

तिरंगा यात्रा में शामिल अधिकारी व अन्य | Prabhat Khabar Network
तिरंगा यात्रा में शामिल अधिकारी व अन्य | Prabhat Khabar Network

डीएम ने बताई शहीद संतोष साव की कहानी

इस मौके पर डीएम ने कहा कि शहीद संतोष साव 161वीं बटालियन में कांस्टेबल के रूप में देश की सेवा कर रहे थे. 25 जून 2016 को ड्यूटी से लौटने के दौरान आतंकवादियों ने उनके दल पर घात लगाकर हमला किया था. अचानक हुई गोलीबारी और बस के अंदर फेंके गए ग्रेनेड के बीच उन्होंने राष्ट्रसेवा में अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए वीरगति प्राप्त की.

उन्होंने कहा कि शहीद संतोष साव जैसे वीर सपूतों का बलिदान हमें यह याद दिलाता है कि जिस तिरंगे को हम गर्व के साथ हाथों में लेकर चलते हैं, उसकी आन, बान और शान की रक्षा के लिए हमारे जवान अपना सर्वस्व न्योछावर करते हैं. शहीदों का त्याग सदैव देशवासियों को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने की प्रेरणा देता रहेगा.

घरों पर तिरंगा फहराने की अपील

डीएम ने कहा कि टेंगरा की इस पावन धरती से हम सभी शहीद संतोष साव को नमन करते हुए यह संकल्प लें कि देश और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी से पालन करेंगे. उन्होंने आमजनों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने की अपील की.

उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता और अखंडता तथा देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है. साथ ही स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपनी सहभागिता का एहसास कराना है.

ये लोग रहे शामिल

तिरंगा यात्रा में अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, अपर समाहर्ता आपदा उपेंद्र पंडित, अपर समाहर्ता विशेष शाखा म सादुल हसन खां, उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, जिला पंचायती राज पदाधिकारी इफ्तेखार अहमद, सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी, बारुण के प्रखंड विकास पदाधिकारी, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे.


विज्ञापन
सुधीर कुमार सिन्हा

लेखक के बारे में

By सुधीर कुमार सिन्हा

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन