वाराणसी से पटना जा रही हंसराज बस देर रात औरंगाबाद में पलटी, 20 यात्री घायल; 3 की हालत गंभीर

Updated:
विज्ञापन

हादसे में क्षतिग्रस्त हुई बस की तस्वीर

बनारस से पटना जा रही सवारी बस औरंगाबाद में पलट गई, जिसमें 20 यात्री घायल हो गए. गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.

विज्ञापन

Aurangabad Road Accident : औरंगाबाद शहर में बुधवार की देर रात सवारियों से भरी हंसराज बस हादसे का शिकार हो गई. वाराणसी से झारखंड होते पटना जा रही बस ओवरब्रिज पार करने के बाद डाल्टनगंज मार्ग की ओर बढ़ रही थी, तभी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. हादसे में करीब 20 यात्री घायल हो गये. घायलों में अधिकांश औरंगाबाद जिले के रहने वाले हैं. चालक समेत तीन घायलों की स्थिति गंभीर बतायी जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जमुहार मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.

1 बजे के करीब हुआ हादसा

हादसा रात करीब 1 बजे हुआ. बस बुधवार की देर शाम उत्तर प्रदेश के बनारस से पटना के लिए रवाना हुई थी. रात में जैसे ही बस औरंगाबाद शहर के ओवरब्रिज को पार कर डाल्टनगंज की तरफ आगे बढ़ी, अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क पर पलट गयी. बस के पलटते ही उसमें सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गयी.

View on Instagram

हादसे में घायल यात्रियों में बघोई गांव निवासी महाराणा सिंह, सीमा कुमारी, बबलू कुमार, सत्य कुमार और बेलमती देवी शामिल हैं. इसके अलावा भैरोपुर निवासी विजय तिवारी, छतरपुर निवासी मुर्तुजा अंसारी, बस चालक बबलू पांडेय, पिंटू पांडेय समेत अन्य यात्री भी घायल हुए हैं. सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया.

ट्रक के धक्के से बस पलटने की चर्चा

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों के बीच बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की वजह को लेकर तरह-तरह की बातें सामने आ रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार घटनास्थल के पास एक ट्रक भी खड़ा था. चर्चा है कि ट्रक के धक्के के बाद बस अनियंत्रित हुई और सड़क पर पलट गई.

aurangabad Bus accident.jpeg

हालांकि, ट्रक की टक्कर से ही बस के पलटने की बात की पुलिस ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. हादसे के बाद मौके पर मौजूद ट्रक का चालक और सहचालक फरार बताये जा रहे हैं. पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर बस किस वजह से अनियंत्रित हुई.

तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोग

बस के सड़क पर पलटते ही यात्रियों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी. हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े. लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की और पुलिस को घटना की सूचना दी.

मौके पर पहुंची पुलिस टीम

घटना की सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर बस के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला. इसके बाद घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. हादसे के कारण कुछ समय के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

घायलों से मिलने अस्पताल पहुंचे सदर अनुमंडल पदाधिकारी

घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन भी सक्रिय हुआ. सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह सदर अस्पताल पहुंचे और वहां भर्ती घायलों का हाल जाना. उन्होंने अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. आशुतोष कुमार से हादसे और घायलों की स्थिति के बारे में जानकारी ली.

गंभीर घायलों को जमुहार मेडिकल कॉलेज भेजा गया

एसडीओ ने चिकित्सकों को घायलों का बेहतर तरीके से इलाज करने का निर्देश दिया. अस्पताल में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने घायलों के इलाज में तत्परता दिखाई. प्राथमिक उपचार के बाद जिन यात्रियों की हालत गंभीर थी, उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए जमुहार मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया.

Aurangabad bus accident..jpeg

हादसे में चालक समेत तीन की हालत गंभीर

हादसे में बस चालक समेत तीन लोगों की हालत गंभीर बतायी जा रही है. अन्य घायलों का इलाज सदर अस्पताल में किया गया. प्रशासन की ओर से भी घायलों के इलाज की स्थिति पर नजर रखी गयी.

जांच में जुटी पुलिस

नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि बस दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस घटनास्थल की स्थिति और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है. ट्रक की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

फिलहाल पुलिस का मुख्य ध्यान हादसे की वास्तविक वजह सामने लाने पर है. ट्रक के चालक और सहचालक के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बस किस परिस्थिति में अनियंत्रित होकर पलटी और इस हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है. प्रशासन की ओर से घायलों के इलाज की व्यवस्था जारी है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

Also Read : 15 अगस्त को लेकर औरंगाबाद में सुरक्षा बलों की चौकसी तेज, नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन में कार्बाइन समेत हथियार बरामद



विज्ञापन
सुजीत कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By सुजीत कुमार सिंह

सुजीत कुमार सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. क्राइम की खबरों की गहरी समझ है. वर्ष 2014 से प्रभात खबर औरंगाबाद में ब्यूरो चीफ की जिम्मेवारी संभाल रहे हैं. सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज, औरंगाबाद से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन