औरंगाबाद के मदनपुर में सहयोग शिविर का आयोजन, लोगों की समस्याओं का ऑन द स्पॉट समाधान

सहयोग शिविर के दौरान पौधारोपण करते वरीय उपसमाहर्ता रितेश कुमार यादव व अन्य | Prabhat Khabar Network
औरंगाबाद के मदनपुर प्रखंड में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान हेतु सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े मामलों की सुनवाई हुई और उनका मौके पर ही समाधान किया गया. ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की.
Aurangabad News: औरंगाबाद जिले के मदनपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत एरकी कला पंचायत के पंचायत सरकार भवन (बड़ी एरकी) में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और लंबित मामलों का मौके पर ही निपटारा करना था. इस आयोजन को लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह देखा गया.
वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में सुनी गईं समस्याएं
शिविर का नेतृत्व पंचायत की मुखिया शकुंतला देवी ने किया. कार्यक्रम में वरीय उपसमाहर्ता रितेश कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) अवतुल कुमार और अंचल अधिकारी (CO) अकबर हुसैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.
शिविर के दौरान प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, भूमि विवाद, मनरेगा, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामलों की गहन सुनवाई की गई.
विभिन्न विभागों के कर्मियों ने मौके पर किया निपटारा
शिविर में उपस्थित आवास पर्यवेक्षक सत्यप्रकाश, पंचायत सचिव सरोज कुमार, आवास सहायक शिवम कुमार, रोजगार सेवक मुकेश कुमार, राजस्व कर्मचारी प्रभात कुमार, कार्यपालक सहायक राजेश कुमार, बिजली विभाग के जेई राकेश कुमार तथा स्वच्छता पर्यवेक्षक विमलेश कुमार ने अपने-अपने विभागों से संबंधित आवेदनों की जांच की और कई शिकायतों का ऑन द स्पॉट निष्पादन किया. शेष मामलों के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया.
प्रखंड कार्यालय के चक्कर काटने से मिली राहत: ग्रामीण
ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए कहा कि इस तरह के शिविरों के आयोजन से उन्हें प्रखंड कार्यालय के बार-बार चक्कर लगाने से मुक्ति मिलती है और समस्याओं का पारदर्शी तरीके से समाधान होता है. मौके पर मौजूद अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की कि वे सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका पूरा लाभ उठाएं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










