औरंगाबाद : 100 साल से चली आ रही कृष्ण पूजा की परंपरा, छठी पर मानव घाट में जुटे श्रद्धालु; हुआ महाभंडारा
भजन गाती महिलाएं | Prabhat Khabar Network
औरंगाबाद के मानव घाट में 100 साल से भी पुरानी भगवान श्रीकृष्ण पूजा की परंपरा का उत्सव मनाया गया. इस अवसर पर महाभंडारा, भजन-कीर्तन और झूले का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया.
औरंगाबाद के मदनपुर प्रखंड क्षेत्र के मानव घाट खिरियावां में मानव घाट धार्मिक न्यास समिति के तत्वावधान में भगवान श्रीकृष्ण जी की छठी के शुभ अवसर पर श्रद्धा एवं उत्साह के साथ महाभंडारा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूजा-अर्चना की और प्रसाद ग्रहण किया.
भजन-कीर्तन व झूले का आयोजन
इस अवसर पर मानव घाट परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा. महिला मंडली द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के सोहर, भजन-कीर्तन एवं आरती की प्रस्तुति दी गई, जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे. मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण को आकर्षक ढंग से सजे पालने में झुलाया गया तथा श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना के लिए पूजा-अर्चना की.

सैकड़ों ने ग्रहण किया प्रसाद
कार्यक्रम के बाद आयोजित महाभंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया. आयोजन को लेकर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला. पूरे कार्यक्रम की व्यवस्था मानव घाट धार्मिक न्यास समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संभाली.
100 वर्षों पुरानी परंपरा
मानव घाट महोत्सव के अध्यक्ष सह समाजसेवी उदय कुमार शिकारी ने बताया कि मानव घाट में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा की परंपरा 100 वर्षों से भी अधिक पुरानी है. उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी के छठे दिन पारंपरिक विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण की पूजा, आरती एवं महाभंडारे का आयोजन किया जाता है. इस अवसर पर गांव के लोग एक साथ पंगत में बैठकर भोजन करते हैं, जो सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक है.
गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में समिति के महेश कुमार, राजेश कुमार साव, जसपाल साव, रंजय साव, बबन कुमार यादव, प्रिंस कुमार, श्रवण चौधरी, अशोक चौधरी, मुखिया प्रतिनिधि रंजीत यादव, पैक्स अध्यक्ष संजय यादव, पूर्व पंचायत समिति प्रतिनिधि देवनंदन साव, वार्ड सदस्य प्रभु पासवान, चंदन साव, ग्राम रक्षा दल के कार्यकर्ता सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए