गांधी मैदान से निकली भव्य तिरंगा यात्रा, ब्लॉक मोड़ पर विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का आयोजन
तिरंगा यात्रा में शामिल लोग
Aurangabad News : औरंगाबाद में स्वतंत्रता दिवस पर गांधी मैदान से तिरंगा यात्रा निकाली गई. ब्लॉक मोड़ पर विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस आयोजित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई.
Aurangabad News : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को औरंगाबाद शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई. गांधी मैदान से शुरू हुई यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा और एनडीए के कार्यकर्ताओं, समर्थकों तथा आम लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर हिस्सा लिया. यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से शहर का माहौल देशभक्ति से ओतप्रोत रहा. तिरंगा यात्रा गांधी मैदान से निकलकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए ब्लॉक मोड़ पहुंची, जहां इसका समापन किया गया.
ब्लॉक मोड़ पर आयोजित हुआ विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम
ब्लॉक मोड़ पर तिरंगा यात्रा के समापन के बाद विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने देश के विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की और विभाजन की त्रासदी को याद किया. वक्ताओं ने कहा कि देश के विभाजन की पीड़ा को कभी भुलाया नहीं जा सकता. नई पीढ़ी को इतिहास से सीख लेते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए.
कई जनप्रतिनिधि और भाजपा-एनडीए के नेता रहे मौजूद
तिरंगा यात्रा में पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह, सदर विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, विधान पार्षद दिलीप कुमार सिंह, नवीनगर विधायक चेतन आनंद, भाजपा जिलाध्यक्ष विजेंद्र चंद्रवंशी, लोजपा जिलाध्यक्ष चंद्रभूषण सिंह सोनू, पुरुषोत्तम सिंह और भाजपा के जिला महामंत्री सतीश कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए.
राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने देश की राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया. नेताओं ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और विभाजन की त्रासदी झेलने वाले लोगों के संघर्ष को याद करते हुए सभी को देश की एकता, सद्भाव और अखंडता के लिए कार्य करना चाहिए.
Also Read : PHOTOS: बहन के कॉल पर पुलिस ने नवादा में खोदी कब्र, निकला चौंकाने वाला राज!
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सुजीत कुमार सिंह
सुजीत कुमार सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. क्राइम की खबरों की गहरी समझ है. वर्ष 2014 से प्रभात खबर औरंगाबाद में ब्यूरो चीफ की जिम्मेवारी संभाल रहे हैं. सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज, औरंगाबाद से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








