कार्यपालक सहायकों की बैठक में पंचायती राज विभाग के पत्र पर चर्चा, जिला इकाई के पुनर्गठन की तैयारी

Updated:
विज्ञापन

बैठक में शामिल कार्यपालक सहायक

Aurangabad News : औरंगाबाद में कार्यपालक सहायकों की बैठक आयोजित हुई, जिसमें संगठन के सशक्तीकरण, स्वास्थ्य बीमा और वेतन वृद्धि जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई.

विज्ञापन

Aurangabad News : बिहार राज्य कार्यपालक सहायक जिला इकाई, औरंगाबाद की बैठक रविवार को जिला मुख्यालय स्थित राजेंद्र बाल उद्यान के सभागार में आयोजित की गई. बैठक का नेतृत्व प्रदीप प्रकाश और धनंजय कुमार ने किया. इसमें जिले के विभिन्न विभागों में कार्यरत दर्जनों कार्यपालक सहायकों ने भाग लिया और अपनी समस्याओं एवं सुझावों को साझा किया. बैठक में मुख्य रूप से पंचायती राज विभाग की ओर से हाल में जारी पत्र के प्रभाव और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई.

विभागीय पत्र को लेकर राज्य स्तर पर पहल जारी

निवर्तमान जिलाध्यक्ष भूपेंद्र ठाकुर ने कहा कि विभागीय पत्र के संबंध में राज्य कोर कमेटी के स्तर पर आवश्यक पहल की जा रही है. उन्होंने कार्यपालक सहायकों से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से जल्द ही सकारात्मक परिणाम मिलने की उम्मीद है.

जिला इकाई के पुनर्गठन की तैयारी

बैठक में जिला इकाई के पुनर्गठन को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया. भूपेंद्र ठाकुर ने बताया कि सोमवार तक कार्यपालक सहायकों की औपबंधिक मतदाता सूची जारी कर दी जाएगी. सूची में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर संबंधित कार्यपालक सहायक सुधार के लिए अपना दावा प्रस्तुत कर सकेंगे. उन्होंने बताया कि शीघ्र ही चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी. इसके बाद जिला कोर कमेटी के सभी पदों का चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत मतदान के माध्यम से कराया जाएगा.

सभी विभागों के सहायकों को स्वास्थ्य बीमा देने की मांग

बैठक में कार्यपालक सहायकों ने सेवा संबंधी विभिन्न समस्याओं पर भी चर्चा की. प्रतिभागियों ने कहा कि आरटीपीएस एवं लोक शिकायत निवारण कार्यालयों में कार्यरत कार्यपालक सहायकों को समूह स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिल रहा है, जबकि अन्य विभागों में कार्यरत कार्यपालक सहायक इस सुविधा से वंचित हैं. सभी विभागों के कार्यपालक सहायकों को समान रूप से स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ देने की मांग उठाई गई.

वेतन वृद्धि और सेवा सुविधाओं पर भी हुई चर्चा

बैठक में वेतन वृद्धि और अन्य सेवा सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई. कार्यपालक सहायकों ने सेवा से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए संगठन के स्तर पर प्रभावी पहल करने की आवश्यकता जतायी.

बड़ी संख्या में कार्यपालक सहायक रहे मौजूद

बैठक में रोशन कुमार, पंकज कुमार पांडेय, चंद्रशेखर कुमार, अनूप कुमार गोस्वामी, श्रीकांत कुमार, रामाश्रय कुमार, कमलेश कुमार, रूपेश कुमार, सुमित कुमार, सनी कुमार, अरुण कुमार, कंचन कुमार, राजीव रंजन कुमार, शशिकांत कुमार, रविंद्र कुमार, जितेंद्र कुमार, प्रेम कुमार, नवीन कुमार, अमित कुमार, सुधीर कुमार, संजय कुमार और बलवेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यपालक सहायक उपस्थित थे.

Also Read : उत्तर कोयल नहर में पानी के बावजूद अंतिम छोर तक नहीं पहुंच रहा सिंचाई का पानी


विज्ञापन
Ambuj Kumar

लेखक के बारे में

By Ambuj Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन