औरंगाबाद में हल्की बारिश में दलदल बनी चौधरी गली की सड़क, वार्ड 13 की जनता ने नगर पंचायत पर उठाए सवाल

दलदल बनी सड़क
Aurangabad News : औरंगाबाद के रफीगंज में चौधरी गली की सड़क हल्की बारिश में ही कीचड़ और जलजमाव से दलदल बन गई है.स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत की लापरवाही के कारण बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं.
Aurangabad News : रफीगंज नगर पंचायत के वार्ड संख्या 13 स्थित चौधरी गली (कब्रिस्तान रोड) की बदहाल सड़क ने एक बार फिर विकास कार्यों की हकीकत उजागर कर दी है. हल्की बारिश के बाद ही सड़क पर कीचड़ और जलजमाव हो गया, जिससे लोगों का आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है. सड़क पर फैले कीचड़ और पानी के कारण पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है.
स्कूली बच्चों और राहगीरों को हो रही परेशानी
यह मार्ग इलाके की प्रमुख सड़कों में शामिल है, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों स्कूली बच्चे, छात्र-छात्राएं, मजदूर, महिलाएं और बुजुर्ग गुजरते हैं. वर्तमान में सड़क की स्थिति दलदल जैसी हो गई है. कई बच्चों के फिसलकर गिरने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं. सड़क की हालत इतनी खराब हो गई है कि ठेला, रिक्शा और दोपहिया वाहनों का आवागमन भी प्रभावित हो गया है.
व्यापार पर भी पड़ रहा असर
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है, जिससे उनके कारोबार पर भी असर पड़ रहा है. बारिश के बाद हालात और बिगड़ जाते हैं, जिसके कारण लोग इस मार्ग से गुजरने से बचने लगे हैं.
शिकायतों के बावजूद नहीं हुआ समाधान
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस समस्या से नगर पंचायत और संबंधित अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई. उनका कहना है कि हर बार केवल आश्वासन मिलता है, जबकि समस्या जस की तस बनी हुई है. वार्डवासियों ने कहा कि नियमित रूप से टैक्स देने के बावजूद उन्हें बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हो रही हैं.
सड़क मरम्मत और जल निकासी की उठी मांग
स्थानीय युवा समाजसेवी ऋषिकेश कुमार कश्यप ने नगर पंचायत पदाधिकारियों, वार्ड पार्षद और जिला प्रशासन से अविलंब सड़क की मरम्मत कराने तथा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. उनका कहना है कि इससे वार्डवासियों को बड़ी राहत मिलेगी.
आंदोलन की चेतावनी
वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत और जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे लोकतांत्रिक तरीके से जन आंदोलन करने को बाध्य होंगे. स्थानीय लोगों का कहना है कि वार्ड संख्या 13 की यह स्थिति नगर पंचायत के विकास संबंधी दावों पर गंभीर सवाल खड़े करती है. उन्होंने प्रशासन से शीघ्र सड़क निर्माण और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आम जनता को इस समस्या से राहत मिल सके.
Also Read : नवादा दहेज हत्या कांड में बड़ी कार्रवाई, फरार ससुर गिरफ्तार, अब पूरा आरोपी परिवार पहुंचा जेल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










