औरंगाबाद के बालूगंज में पब्लिक स्कूल एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक, सरकार से सकारात्मक पहल की अपील

Updated:
विज्ञापन

बैठक में शामिल विभिन्न निजी विद्यालयों के संचालक | Prabhat Khabar Network

बिहार के निजी स्कूलों के संचालकों ने बालूगंज में एक महत्वपूर्ण बैठक की. इस दौरान उन्होंने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लक्ष्य को दोहराया, साथ ही सरकारी दिशानिर्देशों के अनुपालन में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों पर विस्तार से चर्चा की.

विज्ञापन

बालूगंज बाजार स्थित निजी स्कूल परिसर में बिहार पब्लिक स्कूल एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन की एक बैठक आयोजित की गई. बैठक में क्षेत्र के विभिन्न निजी विद्यालयों के संचालकों ने भाग लिया और विद्यालय संचालन से जुड़ी समस्याओं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन पर विस्तार से चर्चा की.

बैठक की अध्यक्षता संगठन के जिला सचिव रिंकू सिंह ने की, जबकि संचालन लॉर्ड कृष्णा मॉडल स्कूल के निदेशक सुबोध वैद्य ने किया. इस दौरान विद्यालय संचालकों ने कहा कि सरकार एवं प्रशासन द्वारा समय-समय पर निजी विद्यालयों के लिए कई प्रकार के दिशा-निर्देश जारी किए जाते हैं, जिनका अनुपालन करने के लिए विद्यालय प्रबंधन गंभीरतापूर्वक प्रयासरत है. हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में संसाधनों और अन्य व्यावहारिक कठिनाइयों के कारण कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है.

वक्ताओं ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सभी निजी विद्यालयों का प्रमुख लक्ष्य है. साथ ही सरकारी गाइडलाइन के पालन एवं आवश्यक अभिलेखों के संधारण में काफी समय और संसाधन लगते हैं, जिससे शैक्षणिक गतिविधियां भी प्रभावित होती हैं. ऐसे में सरकार को निजी विद्यालयों की समस्याओं के समाधान की दिशा में भी सकारात्मक पहल करनी चाहिए.

जिला सचिव रिंकू सिंह ने संगठन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि निजी विद्यालयों की समस्याओं के समाधान तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण के निर्माण के लिए संगठन को मजबूत बनाना आवश्यक है. उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से ही विद्यालयों के समक्ष आने वाली चुनौतियों का प्रभावी समाधान संभव है. संगठन क्षेत्र के सभी विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है. बैठक के दौरान सभी को यू-डायस एवं ज्ञानदीप पोर्टल के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई. बैठक को कई अन्य विद्यालय संचालकों ने भी संबोधित किया.


विज्ञापन
Ambuj Kumar

लेखक के बारे में

By Ambuj Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन