औरंगाबाद : मासूम की मौत से भड़के ग्रामीण, औरंगाबाद-पटना मुख्य मार्ग किया जाम, मुआवजे और सरकारी नौकरी की मांग पर अड़े
घटना के बाद रोते बिलखते परिजन
औरंगाबाद जिले में तेज रफ्तार कार ने तीन लोगों को कुचल दिया, जिसमें एक 8 साल के मासूम की इलाज के दौरान मौत हो गई. इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने औरंगाबाद-पटना मुख्य मार्ग को जाम कर दिया है.
Aurangabad Road Accident : औरंगाबाद जिले के ओबरा थाना क्षेत्र के देवकली मोड़ के समीप गुरुवार की रात तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे से गुजर रहे तीन लोगों को रौंद दिया. इस दर्दनाक हादसे में किताब खरीदकर घर लौट रहे आठ वर्षीय मासूम की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्चा और एक वृद्ध व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया.
आपके शहर में
ग्रामीणों ने औरंगाबाद-पटना मुख्य मार्ग किया जाम
घटना के बाद चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया. इधर शुक्रवार की सुबह मासूम की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने औरंगाबाद–पटना मुख्य पथ जाम कर आरोपित चालक की गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया.
Aurangabad Road Accident : किताब खरीदकर लौट रहे थे दोनों मासूम
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में देवकली बिगहा निवासी 58 वर्षीय रामेश्वर साव घायल हुए हैं, जो सब्जी बेचकर घर लौट रहे थे. वहीं 10 वर्षीय रोहित कुमार (पिता–मुकेश कुमार) और आठ वर्षीय मनीष कुमार (पिता–रामप्रसाद) किताब खरीदकर अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान देवकली मोड़ के पास तेज गति से आ रही एक कार ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों गंभीर रूप से जख्मी होकर सड़क पर गिर पड़े.
गया जी रेफर करने के दौरान मासूम ने तोड़ा दम
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल तीनों जख्मियों को अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया. चिकित्सकों के अनुसार, सबसे गंभीर रूप से घायल मनीष कुमार को रात में ही सदर अस्पताल से मगध मेडिकल कॉलेज, गया जी भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
कार जब्त, चालक की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही ओबरा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की छानबीन की. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी .बताया कि फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
घायलों की मदद को आगे आया चैरिटेबल ट्रस्ट
सड़क दुर्घटना रोकथाम चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष पुष्कर अग्रवाल, मुकेश कुमार एवं संस्था के अन्य सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर जख्मियों को अस्पताल पहुंचाने और इलाज की व्यवस्था कराने में सक्रिय भूमिका निभाई. उनकी तत्परता से उन्हें समय पर चिकित्सा उपलब्ध कराई जा सकी.
मासूम की मौत पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
शुक्रवार की अहले सुबह मनीष कुमार की मौत से आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने देवकली मोड़ पर औरंगाबाद–पटना मुख्य पथ जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने आरोपित चालक की शीघ्र गिरफ्तारी, मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की. सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई.
पटना आने जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी
स्कूल जाने वाले बच्चों और पटना आने-जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया. समाचार लिखे जाने तक पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई थी.
Also Read : आज जिले की मंडी में भाव : औरंगाबाद मंडियों में खाद्य पदार्थों के दाम में उतार-चढ़ाव
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए