औरंगाबाद पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, 114 गिरफ्तार, हत्या, रंगदारी और शराब कारोबारियों पर कसा शिकंजा

शराब विनष्ट करती पुलिस की टीम | Prabhat Khabar Network
औरंगाबाद पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर हत्या, रंगदारी और शराब तस्करी के 114 आरोपियों को गिरफ्तार किया। भारी मात्रा में शराब और भट्ठियां भी नष्ट की गईं।
औरंगाबाद जिले में अपराध और अवैध शराब के खिलाफ औरंगाबाद पुलिस का अभियान लगातार तेज बना हुआ है. जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 114 लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें 66 आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है. हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और शराब तस्करी जैसे मामलों में कई अहम गिरफ्तारियां हुई हैं. अभियान के दौरान 145.90 लीटर देसी शराब जप्त, तीन मोटरसाइकिल जब्त, चार शराब भट्ठियों को ध्वस्त तथा 10 हजार लीटर महुआ घोल नष्ट किया गया है. पुलिस कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार हत्या के तीन, रंगदारी के दो, हत्या के प्रयास के 14, मद्यनिषेध के 11 तथा अन्य मामलों में 84 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया. इसके अलावा 67 वारंटों का निष्पादन किया गया. वाहन जांच अभियान के दौरान 998 वाहनों की जांच की गई, जिसमें नियमों के उल्लंघन पर 28,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया.
शराब कारोबारियों पर बड़ी कार्रवाई
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में शराब के खिलाफ पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए कई कांड दर्ज किए. बारूण थाना क्षेत्र से 66.40 लीटर, नवीनगर से 7.50 लीटर, देवकुंड से 10 लीटर तथा कंचनपुर (देव) थाना क्षेत्र से 50 लीटर देसी शराब बरामद की गई. कंचनपुर पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तीन मोटरसाइकिल जब्त, चार शराब भट्ठियों को ध्वस्त किया तथा 10 हजार लीटर महुआ घोल नष्ट किया. वहीं मदनपुर थाना की पुलिस ने शराब तस्करी मामले में ललिता कुंवर सहित दो महिलाओं को 12 लीटर देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया.
चोरी के लोहे के रॉड के साथ दो गिरफ्तार
दाउदनगर थाना को पुलिस ने चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए प्रिंस कुमार उर्फ छेदी उर्फ बादल तथा रंजीत कुमार को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके कब्जे से 38 किलोग्राम लोहे का रॉड बरामद किया है. इधर नवीनगर थाना की पुलिस ने वर्ष 2024 के बहुचर्चित हत्या कांड में नामजद प्राथमिक अभियुक्त श्रीकेश चौहान एवं लालबाबू चौहान को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं गोह थाना की पुलिस ने हत्या के एक मामले में महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार किया. इधर कुटुंबा थाना की पुलिस ने रंगदारी और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले में सत्येंद्र सिंह एवं रणविजय सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया.
अपराध नियंत्रण को लेकर अभियान जारी
औरंगाबाद पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों, वारंटियों तथा अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा. कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आगे भी इसी तरह की सघन कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










