औरंगाबाद : जंगल में लकड़ी चुनने गई महिला को सांप ने डसा, इलाज के दौरान गई जान, गांव में पसरा मातम

मृतक के घर पर जुटी ग्रामीणों की भीड़
औरंगाबाद के मदनपुर में जंगल में लकड़ी चुनने गई महिला की सांप काटने से मौत हो गई। शव पहुंचते ही गांव में मातम पसर गया, प्रशासन ने पोस्टमार्टम कराया।
जिले के मदनपुर प्रखंड अंतर्गत आंजन थाना क्षेत्र के दक्षिणी उमंगा पंचायत के सहजपुर गांव में सांप काटने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई. मृतिका की पहचान गांव निवासी कृष्णा मांझी की 50 वर्षीय पत्नी तिलेश्वरी देवी के रूप में की गई है.
जंगल में लकड़ी चुनने के दौरान हुई घटना
मिली जानकारी के अनुसार, तिलेश्वरी देवी मंगलवार को जंगल में लकड़ी चुनने गई थीं. इसी दौरान उन्हें एक विषैले सांप ने काट लिया. घटना के बाद परिजनों व ग्रामीणों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मदनपुर पहुंचाया.
गया रेफर, इलाज के दौरान तोड़ा दम
सीएचसी मदनपुर में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज, गया रेफर कर दिया. वहां इलाज के दौरान मंगलवार की देर रात उनकी मौत हो गई.
शव पहुंचते ही मचा कोहराम
बुधवार की सुबह जैसे ही महिला का शव गांव पहुंचा, परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
पूर्व मुखिया ने दिया ढांढस, प्रशासन ने की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मुखिया उपेंद्र यादव मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया. उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर से मिलने वाली सहायता राशि परिजनों को उपलब्ध करा दी गई है. वहीं सूचना मिलने पर आंजन थाना अध्यक्ष राहुल कुमार दलबल के साथ पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










