डीलर लाइसेंस का झांसा देकर महिला से 2 लाख रुपये ठगे, पैसे मांगने पर मिली धमकी, पुलिस जांच में जुटी

Published by : Suryakant Kumar Updated At : 07 Jun 2026 7:59 PM

विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

Aurangabad News: औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र के टेंगरा गांव में एक महिला से राशन डीलर का लाइसेंस दिलाने के नाम पर दो लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. रामाबांध निवासी अनिल कुमार ने लाइसेंस दिलाने का झांसा देकर शर्मिला देवी से दो लाख रुपये ऐंठ लिए. पैसे वापस मांगने पर आरोपी ने बंधन बैंक का चेक दिया जो बाउंस हो गया.

विज्ञापन

Aurangabad News (बारुण से राजू रंजन की रिपोर्ट) :
जिले के बारुण थाना क्षेत्र के टेंगरा गांव से धोखाधड़ी का एक गंभीर मामला सामने आया है. यहाँ एक महिला से राशन डीलर (सरकारी राशन विक्रेता) का लाइसेंस दिलाने के नाम पर दो लाख रुपये ठग लिए गए. घटना को लेकर टेंगरा गांव निवासी पीड़िता शर्मिला देवी ने बारुण एसएचओ को लिखित आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है. शिकायत के अनुसार, रामाबांध (औरंगाबाद) निवासी अनिल कुमार ने पीड़िता को झांसा दिया था कि वह उसे डीलर का लाइसेंस दिलवा देगा. इसके बदले उसने दो लाख रुपये की मांग की थी. पीड़िता ने आरोपी की बातों में आकर अलग-अलग किश्तों में उसे पूरी रकम दे दी.


लाइसेंस दिलाने का झांसा देकर ऐंठे पैसे

जब काफी समय बीत जाने के बाद भी शर्मिला देवी को डीलर का लाइसेंस नहीं मिला, तो उन्होंने आरोपी से अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए. पीड़िता का दबाव बढ़ने पर आरोपी अनिल कुमार ने उन्हें बंधन बैंक का एक चेक थमा दिया. लेकिन जब पीड़िता उस चेक को लेकर पैसे निकालने बैंक पहुंची, तो वह चेक बाउंस हो गया. चेक बाउंस होने के बाद जब महिला ने दोबारा आरोपी अनिल कुमार से संपर्क कर अपने पैसों की मांग की, तो वह गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने लगा.

दोबारा पैसे मांगने पर मिली जान से मारने की धमकी

शर्मिला देवी ने बारुण थानाध्यक्ष को दिए अपने आवेदन में बताया कि वह एक अत्यंत गरीब परिवार से आती हैं और जीविका समूह में फील्ड वर्क का काम करके किसी तरह अपना जीवनयापन करती हैं. आरोप है कि जब उन्होंने अपने हक के पैसे मांगे, तो आरोपी ने उनके साथ न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि दोबारा पैसे मांगने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी. आरोपी की इन धमकियों के कारण पीड़िता और उनका परिवार अत्यंत डरा हुआ है और उन्हें किसी अनहोनी की आशंका सता रही है. उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की मांग की है.

मामले की गंभीरता को देख पुलिस ने दर्ज की FIR, कार्रवाई जारी: एसएचओ

महिला के साथ हुई इस बड़ी धोखाधड़ी और धमकी के मामले में स्थानीय पुलिस ने तत्परता दिखाई है. इस संबंध में बारुण के एसएचओ रंजीत कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई कर रही है. 

Also Read: औरंगाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा: कार-ट्रैक्टर की टक्कर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

विज्ञापन
Suryakant Kumar

लेखक के बारे में

By Suryakant Kumar

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन