औरंगाबाद: रफीगंज में रेलवे ट्रैक के पास मिला 40 वर्षीय व्यक्ति का शव, पहचान में जुटी पुलिस
रफीगंज रेलवे स्टेशन
गया-पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलखंड पर रफीगंज थाना क्षेत्र के लहास और अमवा-सिमवा गांव के बीच रेल ट्रैक के किनारे एक करीब 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उसकी पहचान के लिए आसपास के थानों से संपर्क कर रही है. शव को 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जायेगा.
रफीगंज से सत्येंद्र पाठक की रिपोर्ट
Aurangabad News: गया-पंडित दीनदयाल उपाध्याय (पीडीयू) रेलखंड पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है. यह घटना रफीगंज थाना क्षेत्र के लहास और अमवा-सिमवा गांव के बीच रेलवे पोल संख्या 525/26 के पास की है. जहां सोमवार को रेल ट्रैक के किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा देख स्थानीय ग्रामीणों ने शोर मचाया, जिसके बाद देखते ही देखते वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.
सूचना पर पहुंची पुलिस, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
ग्रामीणों ने रेल पटरी के किनारे शव होने की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को दी. सूचना मिलते ही रफीगंज थानाध्यक्ष शंभू कुमार, एसआई विनोद कुमार एवं उमेश कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को अपने कब्जे में ले लिया. आवश्यक कानूनी कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेज दिया है.
72 घंटे तक सुरक्षित रखा जायेगा शव, पहचान के लिए पुलिस की अपील
मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष आंकी जा रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक उसकी पहचान संभव नहीं हो सकी थी. थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि मृतक की शिनाख्त (पहचान) कराने के लिए शव को नियमानुसार 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जायेगा. इसके लिए आसपास के सभी थानों और पुलिस के सूचना नेटवर्क के माध्यम से भी मृतक की तस्वीर भेजकर पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है.
थानाध्यक्ष ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और गहन जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. इधर, रेल पटरी के पास अज्ञात शव मिलने की इस घटना से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. पुलिस मामले की रहस्यमयता को देखते हुए सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है. इसके साथ ही पुलिस ने आम लोगों से यह अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के परिजन या परिचित पिछले कुछ दिनों से लापता या गुमशुदा हैं, तो वे तत्काल रफीगंज थाना से संपर्क करें ताकि शव की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा सके.
Also Read: औरंगाबाद में 30 फीट गहरे कुएं से मिला युवक का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सूर्यकांत कुमार
सूर्यकांत कुमार तीन वर्षों से हिंदी डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. स्थानीय और हाइपरलोकल पत्रकारिता में विशेष अनुभव रखते हैं. कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर का भी व्यावहारिक अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत एक डिजिटल न्यूज चैनल से की और विभिन्न डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कार्य करते हुए समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन का अनुभव हासिल किया है. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










