माओवादी नाम पर रंगदारी मांगने वाले छह आरोपी गिरफ्तार
Published by : Vivek Pandey Updated At : 31 May 2026 10:23 AM
Aurangabad News: तालाब खुदाई कार्य बाधित करने की साजिश नाकाम, अवैध हथियार भी बरामद
Aurangabad News: (सुजीत कुमार सिंह) औरंगाबाद जिले के बंदेया थाना क्षेत्र में नक्सली संगठन का नाम लेकर रंगदारी मांगने और विकास कार्य को बाधित करने की कोशिश करने वाले छह लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. औरंगाबाद पुलिस तथा एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से कई अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं.
पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपी माओवादी संगठन का नाम इस्तेमाल कर ठेकेदारों और स्थानीय लोगों में दहशत फैलाकर लेवी वसूलने की योजना बना रहे थे.
तालाब खुदाई के दौरान मिला था धमकी भरा पत्र
जानकारी के अनुसार बंदेया थाना क्षेत्र के चपरा गांव में तालाब खुदाई का कार्य चल रहा था. इसी दौरान कार्यस्थल पर एक धमकी भरा पत्र पहुंचाया गया, जिसमें खुद को भाकपा (माओवादी) का सदस्य बताते हुए लेवी की मांग की गई थी.
पत्र में मांग पूरी नहीं होने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई थी. मामले को गंभीरता से लेते हुए बंदेया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई.
मशीनों को जलाने की दी गई थी धमकी
जांच के दौरान 27 मई की देर रात तालाब खुदाई कार्य में लगे कर्मियों ने पुलिस को सूचना दी कि कुछ लोग मौके पर पहुंचकर काम बंद कराने और मशीनों को आग के हवाले करने की धमकी दे रहे हैं.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच तेज कर दी. घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसटीएफ को भी जांच में शामिल किया गया.
तकनीकी जांच से पुलिस को मिली सफलता
तकनीकी साक्ष्यों, आसूचना तंत्र और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले गया जिले के टिकारी क्षेत्र से उदय कुमार को हिरासत में लिया. पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर चपरा गांव से संटू यादव को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से एक देशी कट्टा बरामद हुआ.
इसके बाद पुलिस ने चपरा बधार इलाके में छापेमारी कर दो अन्य अवैध हथियारों के साथ एक थ्री-नॉट-थ्री (303) रायफल और एक मास्केट बरामद किया.
कई जिलों में चलाया गया अभियान
अवैध हथियार बरामद होने के बाद पुलिस ने शस्त्र अधिनियम के तहत अलग से एक और प्राथमिकी दर्ज की. लगातार कार्रवाई के दौरान गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र से चंद्रप्रकाश विश्वकर्मा, रंजीत कुमार उर्फ नन्हें तथा अनिल यादव उर्फ राजेंद्र यादव समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.
वहीं बंदेया थाना क्षेत्र से भी एक अन्य आरोपी को दबोचा गया.
पूछताछ में स्वीकार की संलिप्तता
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूछताछ में सभी आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी माओवादी संगठन का नाम लेकर ठेकेदारों और ग्रामीणों को डराने तथा रंगदारी वसूलने का प्रयास कर रहे थे.
संगठित गिरोह से संबंध की भी जांच
गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि उनका किसी संगठित आपराधिक गिरोह अथवा प्रतिबंधित संगठन से प्रत्यक्ष संबंध है या नहीं.
मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी हुई है.
Also Read: गया के 15 केंद्रों पर आज बीसीईसीई-2026 प्रवेश परीक्षा, 7400 से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Vivek Pandey
विवेक रंजन पांडेय का जन्म और पालन-पोषण बिहार के गौरवशाली इतिहास और ज्ञान की भूमि नालंदा में हुआ. इसी पावन धरती के संस्कारों ने उन्हें समाज और व्यवस्था को गहराई से देखने का नजरिया दिया. पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून को करियर बदलने के लिए उन्होंने पटना के आर्यभट्ट विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. पिछले 7 वर्षों से टीवी चैनल के जरिए रिपोर्टिंग फील्ड में लगातार सक्रिय हैं. Network 10 National News Channel से करियर की शुरुआत की. उसके बाद कई संस्थानों में काम किया. शिक्षा और राजनीति के साथ कृषि, महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर विशेष रूचि रखते हैं. पत्रकारिता की बारीकियों को सीखा और ग्राउंड जीरो पर रहकर जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया. वर्तमान में Prabhat Khabar के माध्यम से बिहार की खबरों को एक नया आयाम दे रहे हैं. वे बिहार की राजनीति के साथ-साथ देश की सियासी हलचलों पर भी पैनी नजर रखते हैं. अपने शानदार करियर में उन्होंने बिहार के वर्तमान मुख्यमंत्री जब वह उप मुख्यमंत्री थे तब इंटरव्यू किया. इसके साथ कैबिनेट के अधिकांश प्रमुख मंत्रियों का विशेष इंटरव्यू किया है. बिहार के शीर्ष नेताओं और नौकरशाहों को बहुत करीब से देखा, समझा और उनकी नीतियों का निष्पक्ष विश्लेषण किया. जटिल राजनीतिक घटनाक्रमों को बेहद सरल भाषा में जनता के सामने पेश किया है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










