Aurangabad news : विधिक संघ चुनाव में पहले दिन 11 प्रत्याशियों ने किया नामांकन

Updated:
विज्ञापन
Aurangabad news : विधिक संघ चुनाव में पहले दिन 11 प्रत्याशियों ने किया नामांकन

Aurangabad news: 13 मई तक चलेगी नामांकन प्रक्रिया, बढ़ सकती है उम्मीदवारों की संख्या

विज्ञापन

दाउदनगर. अनुमंडलीय विधिक संघ चुनाव को लेकर सोमवार को लायर्स हॉल में पूरे दिन राजनीतिक और चुनावी माहौल गर्म रहा. नामांकन प्रक्रिया के पहले ही दिन विभिन्न पदों के लिए कुल 11 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल कर चुनावी मुकाबले को दिलचस्प बना दिया. पहले दिन ही अध्यक्ष और महासचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर चार-चार उम्मीदवारों के मैदान में उतरने से अधिवक्ताओं के बीच खासा उत्साह देखा गया. संघ के निर्वाची पदाधिकारी नंद कुमार सिंह तथा सहायक निर्वाची पदाधिकारी अरविंद कुमार और हरिनाथ सिंह की मौजूदगी में प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए. सुबह से ही लायर्स हॉल में अधिवक्ताओं की भीड़ लगी रही. संभावित उम्मीदवार नामांकन प्रपत्र खरीदने और समर्थकों के साथ रणनीति बनाने में जुटे रहे. सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक नामांकन पत्र भरने और जमा करने का सिलसिला चलता रहा.

अध्यक्ष पद पर कड़ा मुकाबला

अध्यक्ष पद के लिए इस बार कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है. इस पद पर निवर्तमान सचिव धर्मेंद्र कुमार सिंह, अजय कुमार सिंह, निवर्तमान अध्यक्ष निरंजन कुमार तथा पूर्व अध्यक्ष शशि भूषण सिंह ने नामांकन दाखिल किया है. चार दिग्गज उम्मीदवारों के मैदान में उतरने से अध्यक्ष पद का चुनाव बेहद रोचक हो गया है.

महासचिव पद पर भी चार दावेदार

महासचिव पद के लिए भी चार उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी पेश की है. इनमें संजय कुमार सिंह, सत्येंद्र कुमार, दयाशंकर शर्मा और रंजीत कुमार शामिल हैं. सभी प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ नामांकन स्थल पहुंचे, जिससे पूरे परिसर में चुनावी माहौल बना रहा. इसके अलावा कोषाध्यक्ष पद के लिए रंजीत सिंह, संयुक्त सचिव पद के लिए अरुण कुमार सिंह तथा सहायक सचिव पद के लिए रंजन कुमार ने नामांकन पत्र दाखिल किया. नामांकन के दौरान प्रत्याशियों के समर्थकों में भी खासा उत्साह देखा गया. चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं के बीच चर्चाओं का दौर पूरे दिन चलता रहा. कई वरिष्ठ अधिवक्ताओं का कहना था कि पहले अध्यक्ष और महासचिव जैसे प्रमुख पदों पर दो या तीन उम्मीदवार ही चुनाव मैदान में उतरते थे, लेकिन इस बार पहले ही दिन चार-चार नामांकन दाखिल होना संघ की लोकतांत्रिक जागरूकता और बढ़ती सक्रियता का संकेत है. निर्वाची पदाधिकारियों ने बताया कि मंगलवार और बुधवार को भी नामांकन प्रक्रिया जारी रहेगी. 13 मई को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है. संभावना जताई जा रही है कि अगले दो दिनों में और भी प्रत्याशी नामांकन दाखिल कर सकते हैं. दाउदनगर विधिक संघ चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं के बीच बढ़ती सक्रियता से साफ है कि इस बार का चुनाव काफी प्रतिस्पर्धी और चर्चित होने वाला है.

विज्ञापन
Amit Kumar Singh_pt

लेखक के बारे में

By Amit Kumar Singh_pt

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन