औरंगाबाद में वज्रपात से पशुपालक की मौत, भैंस चराकर लौटने के दौरान गिरी आकाशीय बिजली

Updated:
विज्ञापन

Aurangabad News: औरंगाबाद के मदनपुर थाना क्षेत्र के बरडी गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 53 वर्षीय पशुपालक रविन्द्र यादव की मौत हो गई. परिजनों ने मुआवजे की मांग की है.

विज्ञापन

Aurangabad News: (विनय कुमार सिंह) औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के महुआवा पंचायत अंतर्गत बरडी गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक पशुपालक की मौत हो गई. मृतक की पहचान बरडी गांव निवासी स्वर्गीय देवराज यादव के 53 वर्षीय पुत्र रविन्द्र यादव के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

भैंस चराकर लौटने के दौरान वज्रपात की चपेट में आए

जानकारी के अनुसार, रविन्द्र यादव शनिवार को गांव के बधार में भैंस चराने गए थे. देर शाम घर लौटने के दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई. इसी दौरान वे आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल होकर खेत में गिर पड़े.

भैंस घर पहुंची, लेकिन पशुपालक नहीं लौटा

घटना के बाद भैंस तो अपने आप घर पहुंच गई, लेकिन रविन्द्र यादव के घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई. इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने उनकी खोजबीन शुरू की. काफी तलाश के बाद वे बधार में बेहोशी की हालत में मिले. परिजन तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर ले गए, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम

घटना की सूचना मिलते ही मदनपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

मुआवजे की मांग, गांव में शोक का माहौल

रविन्द्र यादव की मौत के बाद पूरे बरडी गांव में मातम पसरा हुआ है. ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता और आपदा राहत के तहत मुआवजा देने की मांग की है. वहीं लगातार हो रही बारिश और वज्रपात की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है. प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेत और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है.

इसे भी पढ़ें: भरत तिवारी एनकाउंटर केस: औरंगाबाद में निकला विशाल कैंडल मार्च, निष्पक्ष जांच की उठी मांग

विज्ञापन
विवेक पाण्डेय

लेखक के बारे में

By विवेक पाण्डेय

विवेक रंजन पाण्डेय मुख्यधारा की पत्रकारिता में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले पत्रकार और लेखक हैं. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल (Prabhat Khabar Digital) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. राष्ट्रीय राजनीति और बिहार की राजनीति पर उनकी लेखनी विशेष रूप से पहचान रखती है.

वर्तमान में वह बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी खबरों के साथ-साथ राज्य स्तरीय मुद्दों पर भी नियमित रूप से समाचार, विश्लेषण और समसामयिक विषयों पर लेख प्रकाशित कर रहे हैं. स्थानीय घटनाक्रम को व्यापक संदर्भ में प्रस्तुत करना और महत्वपूर्ण मुद्दों को तथ्यपरक एवं सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन