ePaper

Aurangabad News : परीक्षार्थियों के जूता-मोजा पहनने पर रोक

Updated at : 29 Jan 2026 10:42 PM (IST)
विज्ञापन
Aurangabad News : परीक्षार्थियों के जूता-मोजा पहनने पर रोक

Aurangabad News: जिले में 50 केंद्रों पर दो फरवरी से होगी इंटर की परीक्षा, 39696 स्टूडेंट्स होंगे शामिल

विज्ञापन

औरंगाबाद/कुटुंबा. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के तहत आयोजित इंटरमीडिएट परीक्षा दो फरवरी से शुरू होगी. जिले में परीक्षा के लिए कुल 50 केंद्र बनाये गये हैं. दाउदनगर सबडिवीजन के 18 केंद्रों पर छात्र और सात केंद्रों पर छात्राएं परीक्षा देंगी. वहीं औरंगाबाद के आठ केंद्रों पर छात्र और 17 केंद्रों पर छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगी. परीक्षा के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रहेगी. परीक्षार्थी केवल एडमिट कार्ड और पेन लेकर केंद्र में प्रवेश करेंगे. मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्टवॉच या किसी अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ परीक्षा कक्ष में प्रवेश वर्जित रहेगा. इसके अलावा, परीक्षार्थियों के जूता-मोजा पहनने पर भी रोक रहेगी. परीक्षा ड्यूटी में लगे सीएस के अलावा किसी भी वीक्षक को मोबाइल फोन का उपयोग करने की अनुमति नहीं है.

इस वर्ष 39,696 परीक्षार्थी होंगे शामिल

इस बार कला, साइंस और कॉमर्स संकाय मिलाकर कुल 39,696 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जिनमें 18,754 छात्र और 20,942 छात्राएं हैं. पिछले वर्ष 2025 में कुल 39,577 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, इस बार 119 अधिक हैं. हालांकि, छात्राओं की संख्या छात्रों की तुलना में 2,188 अधिक है.

जिले के केंद्रों में छात्र व छात्राओं का वितरण

औरंगाबाद अनुमंडल के 25 केंद्रों पर कुल 19,663 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जिनमें 5,671 छात्र और 13,992 छात्राएं शामिल हैं. कला संकाय में 10,214, कॉमर्स में 169 और विज्ञान संकाय में 9,280 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे. इस बार वोकेशनल कोर्स का कोई परीक्षार्थी नहीं है. दाउदनगर अनुमंडल के 25 केंद्रों पर 20,033 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जिनमें 13,083 छात्र और 6,950 छात्राएं हैं. कला संकाय में 8,656, कॉमर्स में 231 और विज्ञान संकाय में 11,146 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे. पूरे जिले में कला संकाय के 18,870, कॉमर्स के 400 और साइंस संकाय के 20,426 परीक्षार्थी शामिल होंगे.

ओएमआर शीट पर व्हाइटनर व ब्लेड का प्रयोग वर्जित

इंटरमीडिएट परीक्षा में परीक्षार्थियों को दो अलग-अलग प्रिंटेड फोटो युक्त आंसर सीट उपलब्ध करायी जायेगी. 50 प्रतिशत वैकल्पिक प्रश्नों को ओएमआर सीट पर बने गोले को बारीकी से कलर करना होगा. गलती होने पर ब्लेड या नाखून से रगड़ना और व्हाइटनर का प्रयोग वर्जित है. कदाचार मुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए बोर्ड ने जिला प्रशासन को निर्देश दिया है. नकल रोकने के लिए दंडाधिकारी के साथ स्टैटिक मजिस्ट्रेट, उड़नदस्ता और पुलिस बल की तैनाती की जायेगी. परीक्षा के दौरान केंद्र के आसपास 144 धारा लागू रहेगी.

अफसरों को दी गयी जानकारी

जिला शिक्षा पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए सख्त निर्देश जारी किये गये हैं. बोर्ड ने कहा है कि परीक्षार्थी भीड़-भाड़ से बचते हुए समय पर परीक्षा भवन में प्रवेश करेंगे. संकायवार दोनों पालियों में परीक्षा आयोजित की जायेगी. पहली पाली में सुबह नौ बजे तक और दूसरी पाली में दोपहर डेढ़ बजे तक प्रवेश की अनुमति होगी. परीक्षा कक्ष में जूता-मोजा पहनकर प्रवेश वर्जित रहेगा.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINGH_PT

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINGH_PT

AMIT KUMAR SINGH_PT is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन