औरंगाबाद में बच्चों की पढ़ाई के लिए किताब लेने निकले पिता की सड़क हादसे में मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
Aurangabad News: औरंगाबाद के हसपुरा में बच्चों की पढ़ाई के लिए किताब लेने निकले धर्मजीत साव की एनएच-120 पर हाइवा की चपेट में आने से मौत हो गई. दो छोटे बच्चों के पिता की असमय मौत से परिवार शोक में डूब गया.
Aurangabad News: (सुजीत सिंह) बच्चों की पढ़ाई के लिए किताब खरीदने निकले एक पिता की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. घटना औरंगाबाद जिले के एनएच-120 पर बिहटा गांव के समीप हुई, जहां हाइवा की चपेट में आने से गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र अंतर्गत परधान गांव निवासी धर्मजीत साव उर्फ कल्लू की जान चली गई.
ससुराल से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार धर्मजीत साव शनिवार की सुबह अपने बच्चों के लिए किताब लेने हसपुरा प्रखंड के चनहट गांव स्थित ससुराल आए थे. किताब लेने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान बिहटा गांव के पास एक हाइवा की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर गिर पड़े.
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी. पुलिस ने घायल को तत्काल हसपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
दो छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक के साले अमिताभ कुमार ने बताया कि धर्मजीत की शादी वर्ष 2016 में शारदा देवी के साथ हुई थी. उनके दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें बड़ा बेटा आर्यन (7 वर्ष) और छोटा बेटा शुभम (4 वर्ष) है. धर्मजीत गांव में गोलगप्पा बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनकी असामयिक मौत से पत्नी और बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेज दिया. हादसे के बाद गांव और ससुराल पक्ष में शोक का माहौल है. परिजनों के सामने अब बच्चों के पालन-पोषण और उनके भविष्य की चिंता सबसे बड़ी चुनौती बन गई है.
इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद में पारा स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर का आज उद्घाटन, जानें क्या होंगी सुविधाएं
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By विवेक पाण्डेय
विवेक रंजन पाण्डेय मुख्यधारा की पत्रकारिता में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले पत्रकार और लेखक हैं. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल (Prabhat Khabar Digital) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. राष्ट्रीय राजनीति और बिहार की राजनीति पर उनकी लेखनी विशेष रूप से पहचान रखती है.
वर्तमान में वह बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी खबरों के साथ-साथ राज्य स्तरीय मुद्दों पर भी नियमित रूप से समाचार, विश्लेषण और समसामयिक विषयों पर लेख प्रकाशित कर रहे हैं. स्थानीय घटनाक्रम को व्यापक संदर्भ में प्रस्तुत करना और महत्वपूर्ण मुद्दों को तथ्यपरक एवं सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की प्रमुख विशेषता है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










