हर घर तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, शहीद जगतपति कुमार की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

Updated:
विज्ञापन

तिरंगा यात्रा में शामिल मंत्री, विधायक व अन्य पदाधिकारी

Aurangabad News : औरंगाबाद में हर घर तिरंगा अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई. जनप्रतिनिधियों और छात्रों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्र के प्रति अपना संकल्प दोहराया.

विज्ञापन

Aurangabad News : ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिला मुख्यालय में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का अद्भुत नजारा देखने को मिला. गेट स्कूल मैदान से नगर भवन तक निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, विद्यार्थियों, स्काउट-गाइड, एनसीसी कैडेट और बड़ी संख्या में जिलेवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री रमा निषाद के नेतृत्व में निकली तिरंगा यात्रा में लोगों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर कदम से कदम मिलाया. ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से पूरे यात्रा मार्ग पर देशभक्ति का माहौल बना रहा.

शहीद जगतपति कुमार की प्रतिमा पर अर्पित की श्रद्धांजलि

गेट स्कूल मैदान से शुरू हुई तिरंगा यात्रा नगर भवन पहुंची. यहां स्वतंत्रता सेनानी शहीद जगतपति कुमार की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई. इस दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र के प्रति समर्पण और देश की एकता-अखंडता को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया गया.

जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन के अधिकारी रहे शामिल

तिरंगा यात्रा में विधान पार्षद दिलीप कुमार सिंह, कुटुंबा विधायक ललन राम, औरंगाबाद विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, नवीनगर विधायक चेतन आनंद, जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा और पुलिस अधीक्षक उपेन्द्रनाथ वर्मा सहित कई जिला स्तरीय पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे. इसके अलावा बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, स्काउट एवं गाइड के सदस्य, एनसीसी कैडेट और आमजन भी यात्रा में शामिल हुए.

राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और एकता का दिया संदेश

तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य आमजनों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना रहा. यात्रा के माध्यम से जिलेवासियों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों पर पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया गया. यात्रा में शामिल लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की. साथ ही स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह, गरिमा और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाने का संकल्प लिया.

जिला प्रशासन ने की अभियान में भागीदारी की अपील

जिला प्रशासन की ओर से जिलेवासियों से अपील की गई कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और राष्ट्रीय पर्व को सम्मान एवं उत्साह के साथ मनाएं.

Also Read : PHOTOS: बहन के कॉल पर पुलिस ने नवादा में खोदी कब्र, निकला चौंकाने वाला राज!


विज्ञापन
सुधीर कुमार सिन्हा

लेखक के बारे में

By सुधीर कुमार सिन्हा

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन