दाउदनगर में कृषि पदाधिकारी पर मनमानी का आरोप, आत्मा सदस्यों ने एसडीओ को सौंपा ज्ञापन

Author Om Prakash|Edited by Vivek Ranjan
Updated:
विज्ञापन
प्रखंड कृषि पदाधिकारी पर मनमाना तरीका अपनाने का लगाया आरोप, एसडीओ को दिया ज्ञापन

बैठक करते आत्मा के अध्यक्ष एवं सदस्य | Prabhat Khabar

दाउदनगर प्रखंड के आत्मा सदस्यों ने प्रखंड कृषि पदाधिकारी पर किसानों की समस्याओं की अनदेखी और योजनाओं में पारदर्शिता के अभाव का आरोप लगाया है. उन्होंने एसडीओ को ज्ञापन सौंपकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है.

विज्ञापन

Aurangabad News: दाउदनगर प्रखंड के आत्मा (ATMA) के सदस्यों ने प्रखंड कृषि पदाधिकारी पर मनमाना रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) को ज्ञापन सौंपा. इससे पहले भखरुआं पटना रोड स्थित जदयू प्रखंड कार्यालय में आत्मा के प्रखंड अध्यक्ष सह जदयू किसान प्रकोष्ठ के प्रखंड अध्यक्ष नीरज कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई.

बैठक में आत्मा सदस्यों ने आरोप लगाया कि प्रखंड कृषि पदाधिकारी किसानों की जायज समस्याओं की लगातार अनदेखी कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि कार्यालय में समय पर अधिकारी की अनुपस्थिति के कारण दूर-दराज से आने वाले किसानों को मानसिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है.

सदस्यों ने आरोप लगाया कि बीज वितरण, सब्सिडी, आत्मा योजना के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी किसानों को समय पर नहीं दी जाती और योजनाओं के संचालन में पारदर्शिता का भी अभाव है.

आत्मा अध्यक्ष नीरज कुमार ने कहा कि जब भी किसानों के हित से जुड़े मुद्दे उठाए जाते हैं तो उन्हें टालने का प्रयास किया जाता है. इससे प्रखंड के किसानों में असंतोष का माहौल है. उन्होंने एसडीओ से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की.

बैठक में आत्मा सदस्य संध्या शर्मा, सुलेखा कुमारी, नंदेश कुमार शर्मा, शशिभूषण चौरसिया, सुरेंद्र कुमार सिंह, रंजीत कुमार शर्मा, प्रह्लाद प्रसाद कांस्यकार, मंगल चंद्रवंशी, संतोष दबगर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे.

खाद की कथित कालाबाजारी का भी लगाया आरोप

आत्मा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रखंड में खाद की कथित तौर पर कालाबाजारी की जा रही है. कार्यालय से कथित रूप से पुर्जा काटा जा रहा है, जबकि किसानों को बिस्कोमान केंद्रों पर लंबी कतारों में घंटों इंतजार करना पड़ रहा है.

आरोप निराधार हैं : प्रखंड कृषि पदाधिकारी

वहीं, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अनिल कुमार ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि आत्मा अध्यक्ष द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह गलत और निराधार हैं.


विज्ञापन
Om Prakash

लेखक के बारे में

By Om Prakash

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन