औरंगाबाद में पुनपुन नदी में हुआ हादसा नाव पलटी, 20 से अिधक लापता

Published at :24 Aug 2016 4:46 AM (IST)
विज्ञापन
औरंगाबाद में पुनपुन नदी में हुआ हादसा नाव पलटी, 20 से अिधक लापता

देवकुंड/औरंगाबाद : औरंगाबाद जिले में ओबरा प्रखंड स्थित खुदवां के पास पुनपुन नदी में हुए एक नाव हादसे में करीब 20 से अधिक लोगों के लापता होने की सूचना है. मंगलवार को अपराह्न करीब तीन बजे हुई इस घटना में लापता लोगों में से कलेन गांव की एक महिला की लाश बरामद कर ली गयी […]

विज्ञापन

देवकुंड/औरंगाबाद : औरंगाबाद जिले में ओबरा प्रखंड स्थित खुदवां के पास पुनपुन नदी में हुए एक नाव हादसे में करीब 20 से अधिक लोगों के लापता होने की सूचना है. मंगलवार को अपराह्न करीब तीन बजे हुई इस घटना में लापता लोगों में से कलेन गांव की एक महिला की लाश बरामद कर ली गयी है. इस घटना में लापता लोगों में तीन स्कूली स्टूडेंट्स भी शामिल हैं. पता चला है कि नाव पर करीब 30 लोग सवार थे,

जिनमें छह लोगों को बचा लिया गया. नाैका दुर्घटना की सूचना मिलने के साथ ही घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ एकत्र हो गयी. घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर डीएम कंवल तनुज ने बचाव कार्य को आगे बढ़वाया.

नाव हादसे में मृत पायी गयी महेश्वरी देवी नामक महिला के परिजनों को मुआवजे के रूप में चार लाख रुपये दिये जाने की बात भी कही गयी है. जानकारी के मुताबिक, नाव पर सवार सभी लोग खुदवां थाने के कलेन गांव के थे. इनमें से अधिकतर खुदवां बाजार आये थे, जहां से काम निबटाने के बाद नाव से ही लौट रहे थे.
नाव पलटी, 20 से…
कलेन की आबादी के लिए खुदवां ही मुख्य बाजार है. वैसे, मंगलवार को सिंहाड़ी बाजार भी लगा था. खुदवां से कलेन लौटनेवालों के समूह में तीन स्कूली बच्चे भी थे, जो छुट्टी के बाद अपने घर जा रहे थे. करीब 30 की संख्या में नाव पर सवार लोग सही-सलामत नदी पार भी कर चुके थे. पर, पता चला है कि नाव जब कलेन गांव से लगनेवाले पुनपुन के किनारे पहुंची, तो वहां भी पानी की धारा काफी तेज थी. उधर, नाव पर सवार लोग उतरने के लिए अधीर हो तेजी से चहलकदमी करने लगे, जिससे संतुलन बिगड़ा और नाव नदी की तेज धारा में उलट गयी. नाव पलटने से पुनपुन के तेज धार पानी में डूबे छह लोग तो जैसे-तैसे तैर कर बाहर आ गये, पर बाकी का पता नहीं चल सका. करीब एक घंटे बाद कलेन निवासी नंदू चौहान की पत्नी माहेश्वरी देवी (60) की लाश बरामद हो सकी. बाकी लोगों की खोज जारी है.
मंगलवार को पुनपुन का बहाव काफी तेज था, जिस वजह से पानी में लापता लोगों को खोजने में दिक्कतें भी पेश आ रही थीं. हालांकि, पौथू थाना क्षेत्र के सोनवर्षा गांव के पास पुनपुन में दो अन्य लाशें मिलने की जानकारी आयी, पर ये लोग कौन हैं, स्पष्ट नहीं हो सका. पता नहीं चल सका कि ये उक्त नाव पर सवार लोगों में शामिल थे या नहीं.
उधर, खुदवां के पास नाव हादसे की जानकारी मिलने के साथ ही औरंगाबाद के जिलाधिकारी कंवल तनुज ने जिले के बारुण में राहत व बचाव कार्य के लिए पहले से ही तैनात एसडीआरएफ की टीम को घटनास्थल पर बुलवाया. साथ ही, उन्होंने रोहतास प्रशासन से भी वहां तैनात एसडीआरएफ की टीम को खुदवां के लिए रवाना करने की अपील की, ताकि राहत व बचाव कार्य में और तेजी लायी जा सके. स्वयं जिलाधिकारी भी जल्दी ही घटनास्थल पर पहुंच कर राहत व बचाव कार्य की मॉनिटरिंग में लग गये. उनके साथ दाउदनगर के एसडीओ, डीएसपी, स्थानीय बीडीओ व सीओ मौजूद थे.
इनके अतिरिक्त हसपुरा, दाउदनगर, खुदवां व गोह पुलिस के जवान व अफसर भी घटनास्थल पर बुला लिये गये थे, ताकि जब जैसी जरूरत पड़े, कदम उठाये जा सकें.
पुल की कमी पर भड़के लोग : स्थानीय लोगों का कहना है कि खुदवां और कलेन के बीच बड़ी संख्या में रोज लोगों का आना-जाना होता है. मार्केट, स्कूल, अस्पताल, थाना-पुलिस और कई अन्य प्रकार के कामकाज के लिए कलेन से लोगों को खुदवां जाना पड़ता है. पर, इन दोनों जगहों के बीच पुनपुन पर पुल नहीं होने के चलते लोग पानी पार कर आते-जाते हैं. पिछले कुछ दिनों में भारी बारिश के चलते पुनपुन में बाढ़ जैसी स्थिति है, जिस वजह से लोग नाव की मदद ले रहे हैं. मंगलवार को भी अधिकतर लोग कलेन से अलग-अलग काम से खुदवां आये थे और कार्य संपन्न कर वापस अपने घरों को लौट रहे थे, जब ऊपरोक्त हादसा हो गया.
एक महिला का शव िमला, छह को सुरक्षित बचाया गया
खगड़िया में 22 पंचायत बाढ़ से प्रभावित
जिले में बाढ़ की स्थिति विकराल होती जा रही है. 22 पंचायतों के अलावा तीन नगर पंचायत के कुल 82 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं. बाढ़ से प्रभावित होने वाले लोगों की संख्या 2,18,300 बतायी जाती है, जबकि 12 हजार पशुओं पर भी बाढ़ का कहर टूटा है. बाढ़ के कारण 0.7718 लाख हेक्टेयर कृषि योग्य व 2.509 लाख हेक्टेयर गैर कृषि योग्य भूमि जलमग्न है. गोगरी व परबत्ता में बाढ़ का सबसे ज्यादा कहर टूटा है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन