अरवल में सिपाही भर्ती परीक्षा की तैयारी पूरी, चार केंद्रों पर होगी परीक्षा, डीएम ने की तैयारी की समीक्षा

Published by : Nikhil Anurag Updated At : 13 Jun 2026 6:59 PM

विज्ञापन

समीक्षा-सह-ब्रीफिंग बैठक में शामिल अधिकारी

Arwal News: अरवल में मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल और चलंत दस्ता सिपाही भर्ती परीक्षा 14 और 17 जून को चार केंद्रों पर होगी. डीएम अमृषा बैंस ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर निष्पक्ष और कदाचारमुक्त परीक्षा के निर्देश दिए. अभ्यर्थियों की सघन जांच और वैध पहचान पत्र अनिवार्य रहेगा.

विज्ञापन

Arwal News: (निशिकांत की रिपोर्ट) मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल और चलंत दस्ता सिपाही पदों पर भर्ती के लिए आयोजित होने वाली प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. परीक्षा 14 जून और 17 जून को जिले के चार परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी.

पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली की परीक्षा अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी. परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त संचालन के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की है.

डीएम ने दंडाधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

जिला पदाधिकारी अमृषा बैंस ने समाहरणालय सभाकक्ष में प्रतिनियुक्त स्टैटिक दंडाधिकारियों, जोनल दंडाधिकारियों, उड़नदस्ता दंडाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा-सह-ब्रीफिंग बैठक की। बैठक में उन्होंने परीक्षा की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने को प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया. डीएम ने सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सतर्कता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ करने का निर्देश दिया.

सघन जांच के बाद ही मिलेगा प्रवेश

जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच और फ्रिस्किंग सुनिश्चित की जाए. बिना वैध फोटो पहचान पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा. परीक्षा अवधि के दौरान केंद्रों पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी अनियमितता की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को देने का निर्देश भी दिया गया.

रैंडम प्रक्रिया से होगा कक्ष आवंटन

परीक्षा के दौरान वीक्षकों की प्रतिनियुक्ति निर्धारित मानकों के अनुरूप की जाएगी. प्रत्येक पाली में परीक्षा कक्षों का आवंटन रैंडम प्रक्रिया से किया जाएगा. परीक्षा कार्य में लगे सभी कर्मियों के लिए सत्यापित फोटोयुक्त पहचान पत्र अनिवार्य किया गया है. बिना पहचान पत्र किसी भी व्यक्ति को परीक्षा केंद्र परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी.

केंद्राधीक्षकों को भी दिए गए निर्देश

जिला प्रशासन ने सभी केंद्राधीक्षकों को परीक्षा से पहले वीक्षकों और कर्मियों की बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराने तथा परीक्षा संचालन में निर्धारित मानकों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.

Also Read: असम विमान हादसे में भोजपुर का लाल शहीद, अग्निवीर दानिश आलम अब तिरंगे में लिपटकर लौटेगा घर

विज्ञापन
Nikhil Anurag

लेखक के बारे में

By Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर पलायन कर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन