आरा : सड़क हादसे में बाइक सवार महिला समेत तीन जख्मी, अस्पताल में चल रहा इलाज

घायल युवक की फोटो | Prabhat Khabar Network
भोजपुर जिले में हुए सड़क हादसों में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. पीरो में दो बाइकों की टक्कर में दो युवक जख्मी हुए, जबकि उदवंतनगर में चलती बाइक से गिरकर एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई.
भोजपुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में बाइक सवार एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए. इनमें से दो घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया है.
पीरो में दो बाइकों की सीधी टक्कर में दो जख्मी
पहली घटना आरा-सासाराम स्टेट हाईवे पर पीरो थाना क्षेत्र के बचरी फॉल के समीप घटी. जहां दो मोटरसाइकिलों की सीधी टक्कर में दो युवक जख्मी हो गए. इनमें से एक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दूसरे बाइक सवार युवक का इलाज परिजन एक निजी अस्पताल में करा रहे हैं.
जानकारी के अनुसार, घायलों में पीरो थाना क्षेत्र के पीरो गांव निवासी स्व. मुन्ना प्रसाद का 23 वर्षीय पुत्र गौतम कुमार और एक अन्य बाइक सवार शामिल है.
घायल गौतम कुमार के परिजनों ने बताया कि वह पीरो बाजार से गैस सिलेंडर लेकर वापस घर लौट रहा था. इसी दौरान बचरी फॉल के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उसकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी.
उदवंतनगर में चलती बाइक से गिरकर महिला गंभीर
दूसरी घटना आरा-अरवल मार्ग पर उदवंतनगर थाना क्षेत्र के चक्रदह गांव के समीप घटी. जहां चलती बाइक से गिरकर एक महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई. परिजनों ने उसे तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया.
जख्मी महिला की पहचान बिहिया थाना क्षेत्र के खरौनी गांव निवासी विनोद कुमार की 26 वर्षीया पत्नी अनेहा कुमारी के रूप में हुई है.
परिजनों ने बताया कि महिला अपने भाई के साथ मोटरसाइकिल से उदवंतनगर थाना क्षेत्र के डिहरा गांव स्थित अपने मायके जा रही थी. इसी दौरान चक्रदह गांव के समीप अचानक अनियंत्रित होकर वह चलती बाइक से नीचे गिर पड़ी और गंभीर रूप से चोटिल हो गई.
Also Read : गया जी : तीन दिन की बारिश से टूटी सड़क बनी परेशानी, शिकायत के बाद प्रशासन ने कराया दुरुस्त
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










