लद्दाख में भोजपुर के दो दोस्तों की दर्दनाक मौत, लैंडस्लाइड की चपेट में आई बाइक; बिहिया में पसरा मातम

Updated:
विज्ञापन

मृतक अभिजीत आनंद और सोनू कुमार की फाइल फोटो।

लेह-लद्दाख की मनोरम वादियों में घूम रहे भोजपुर के दो युवा दोस्तों की खारदुंगला दर्रे के पास भूस्खलन में दर्दनाक मौत हो गई. दोनों युवक ग्रेटर नोएडा के गलगोटिया यूनिवर्सिटी से बीसीए की पढ़ाई कर रहे थे.

विज्ञापन

Bhojpur News: भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के दो होनहार युवकों की लद्दाख घूमने के दौरान भूस्खलन (Landslide) की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई. हादसा नुब्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रसिद्ध खारदुंगला दर्रा (Khardung La Pass) के समीप मंगलवार की दोपहर घटित हुआ. दोनों मित्र एक ही बाइक पर सवार होकर लेह-लद्दाख की वादियों में घूमने निकले थे. घटना की खबर जैसे ही बिहिया पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसार गया.

बाइक से लद्दाख यात्रा पर निकले थे दोनों दोस्त

मृतकों की पहचान बिहिया के जज बाजार निवासी व्यवसायी विकास कुमार के 22 वर्षीय इकलौते पुत्र अभिजीत आनंद और मझौली पंचायत के खाखोबांध (साइकिल फैक्ट्री के पास) निवासी संजय प्रसाद के 21 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार के रूप में हुई है.

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों घनिष्ठ मित्र दिल्ली से ट्रेन द्वारा जम्मू-कश्मीर पहुंचे थे, जहां से उन्होंने एक ट्रैवल एजेंसी से किराए पर बाइक ली और लेह-लद्दाख की ओर निकले थे. मंगलवार को खारदुंगला दर्रा के पास अचानक पहाड़ से भूस्खलन हो गया. मलबे और भारी पत्थरों की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.

ग्रेटर नोएडा की गलगोटिया यूनिवर्सिटी में पढ़ते थे दोनों छात्र

दोनों युवक ग्रेटर नोएडा स्थित गलगोटिया यूनिवर्सिटी से बीसीए (BCA) की पढ़ाई कर रहे थे. अभिजीत अपने पिता का इकलौता पुत्र था. उसकी असमय मौत से पिता विकास कुमार और माता आरती देवी गहरे सदमे में हैं. वहीं सोनू कुमार के पिता संजय प्रसाद बिहिया टीचर ट्रेनिंग कॉलेज में चतुर्थ वर्ग कर्मचारी हैं. सोनू की मौत के बाद माता राधिका देवी का रो-रोकर बुरा हाल है.

गुरुवार को पैतृक आवास बिहिया पहुंचेगा पार्थिव शरीर

परिजनों ने बताया कि लद्दाख में प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों युवकों के शवों को एंबुलेंस द्वारा पहले दिल्ली, फिर पटना और गुरुवार तक बिहिया स्थित पैतृक आवास लाया जाएगा. घटना की सूचना के बाद से ही उनके आवास पर परिजनों को सांत्वना देने के लिए स्थानीय लोगों व रिश्तेदारों का तांता लगा हुआ है.

Also Read: आरा सदर में अब दो डीसीएलआर कोर्ट, भूमि विवादों के मुकदमों का बोझ होगा कम; चार-चार अंचलों की जिम्मेदारी तय


विज्ञापन
शैलेंद्र गुप्ता

लेखक के बारे में

By शैलेंद्र गुप्ता

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन