भोजपुर: आरा-सासाराम स्टेट हाईवे पर कोहड़ा मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पलटा ट्रैक्टर, चालक की मौके पर दर्दनाक मौत
मृतक के परिजन का फोटो | Prabhat Khabar Network
आरा-सासाराम स्टेट हाईवे पर कोहड़ा मोड़ के समीप ट्रैक्टर पलटने से 21 वर्षीय चालक की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
Arrah News: भोजपुर जिले अंतर्गत आरा-सासाराम स्टेट हाईवे पर उदवंतनगर थाना क्षेत्र के कोहड़ा मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के समीप बुधवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया. राबीश (ईंट का चूरा) लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया. इस हादसे में ट्रैक्टर की ट्रॉली के नीचे दबने से चालक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया.
ननिहाल हसनपुरा में रहता था मृतक
मृतक की पहचान आयर थाना क्षेत्र के आयर गांव निवासी बंधु मुसहर के 21 वर्षीय पुत्र रंजीत मुसहर के रूप में हुई है. रंजीत पेशे से चालक था और बचपन से ही मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हसनपुरा गांव स्थित अपने ननिहाल में मामा योगेंद्र मुसहर के घर रहता था.
मृतक की पत्नी दुर्गावती देवी ने बताया कि रंजीत बुधवार की सुबह हसनपुरा गांव स्थित चिमनी भट्ठा से ट्रैक्टर पर राबीश लोड कर कोहड़ा गांव ले जा रहा था. इसी दौरान कोहड़ा मोड़ के पास पेट्रोल पंप के समीप ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया और वह उसके नीचे दब गया.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
घटना की सूचना मिलते ही उदवंतनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेजा. मृतक चार भाइयों में सबसे बड़ा था. उसके परिवार में मां विजयंती देवी, पत्नी दुर्गावती देवी और एक मासूम पुत्री नंदिनी है. घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.
Also Read: रोहतास: गुप्ता धाम के रास्ते में हादसा, खाई में गिरने से तीन कांवरियों की मौत; 24 घंटे बाद शव बरामद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











