आरा के बिहिया स्टेशन पर ‘जनसाधारण एक्सप्रेस’ के कोच में लगी आग, सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

बिहिया स्टेशन पर जनसाधारण एक्सप्रेस में उठा धुंआ
Jan Sadharan Express Fire News : बिहिया रेलवे स्टेशन पर आनंद विहार-दानापुर जनसाधारण एक्सप्रेस के एक कोच में ब्रेक बाइंडिंग के कारण धुआं और आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. लोको पायलट और रेलकर्मियों की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया. रेलवे ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
Jan Sadharan Express Fire News : दानापुर-पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलखंड के बिहिया रेलवे स्टेशन पर सोमवार दोपहर आनंद विहार से दानापुर जा रही डाउन जनसाधारण एक्सप्रेस के एक कोच से अचानक गहरा धुआं निकलने लगा. इंजन के समीप स्थित कोच में ब्रेक बाइंडिंग के कारण धुआं और आग लगने से कुछ देर के लिए स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि लोको पायलट की सतर्कता और रेलकर्मियों की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया.
लोको पायलट की सतर्कता से बची बड़ी दुर्घटना
कोच से धुआं उठता देख लोको पायलट ने तत्काल ट्रेन को बिहिया स्टेशन पर रोक दिया और स्टेशन प्रशासन को सूचना दी. सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर, रेलकर्मी और रेल पुलिस मौके पर पहुंचे. इंजन एवं स्टेशन पर उपलब्ध अग्निशामक यंत्रों की मदद से आग पर शीघ्र काबू पा लिया गया. इस घटना में किसी प्रकार की जानमाल की क्षति नहीं हुई.
ब्रेक बाइंडिंग को माना जा रहा कारण
प्रारंभिक जांच में घटना का कारण ब्रेक बाइंडिंग माना जा रहा है. बताया गया कि तेज रफ्तार के दौरान किसी स्थान पर चेन पुलिंग अथवा वैक्यूम होने से इंजन से सटे कोच का ब्रेक जाम हो गया. अत्यधिक घर्षण के कारण धुआं और आग उत्पन्न हुई.
बनाही स्टेशन से ही निकलने लगा था धुआं
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बनाही स्टेशन से ही संबंधित कोच से गाढ़ा धुआं निकलना शुरू हो गया था, जो पीछे की बोगियों तक फैलने लगा. इससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. बिहिया स्टेशन पहुंचते-पहुंचते धुएं की मात्रा काफी बढ़ गई थी.
सुरक्षा जांच के बाद रवाना हुई ट्रेन
घटना के कारण कुछ समय तक रेल परिचालन प्रभावित रहा. आग पूरी तरह बुझाने और सुरक्षा जांच पूरी होने तक जनसाधारण एक्सप्रेस को स्टेशन पर रोका गया. इस दौरान पहले पैसेंजर ट्रेन को रवाना किया गया. इसके बाद दोपहर करीब 3.26 बजे जनसाधारण एक्सप्रेस को उसके गंतव्य के लिए रवाना किया गया. रेलवे अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
इसे भी पढ़ें : आरा में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर AISA का प्रदर्शन, पेपर लीक के विरोध में रखा सामूहिक उपवास
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By निखिल अनुराग
मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










