आरा: कोईलवर में होटल कारोबारियों पर देर रात फायरिंग, नकाबपोश बदमाशों ने चेन और कैश लूटा

घटनास्थल का मुआयना करती पुलिस
कोईलवर के शिव मंदिर के पास हुई सनसनीखेज वारदात में होटल बंद कर घर लौट रहे तीन व्यापारियों पर आधा दर्जन नकाबपोश अपराधियों ने हमला कर दिया. अपराधियों ने फायरिंग कर एक व्यापारी की सोने की चेन और नकदी लूट ली. गनीमत रही कि व्यापारी बाल-बाल बच गए.
Bhojpur Koilwar Loot Firing : भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. नगर पंचायत वार्ड 08 स्थित शिव मंदिर के पास आधा दर्जन नकाबपोश अपराधियों ने होटल बंद कर घर लौट रहे तीन कारोबारियों पर जानलेवा हमला कर दिया. बदमाशों ने न सिर्फ फायरिंग की बल्कि एक कारोबारी के गले से सोने की चेन और बैग में रखा नकद लूटकर फरार हो गए. गनीमत रही कि तीनों कारोबारी इस हमले में बाल-बाल बच गए.
घटना रात करीब 11:45 बजे की बताई जा रही है. पीड़ित होटल कारोबारी अरविंद कुमार ने बताया कि उनका ‘अतिथि रेस्टोरेंट एंड बैंक्वेट हॉल’ नाम से होटल कोईलवर के शहीद कपिलदेव चौक पर है. रोज की तरह वे अपने पार्टनर अभिषेक कुमार और बबलू गांधी के साथ होटल बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे.
Arrah News : पहले से घात लगाकर बैठे थे अपराधी
अरविंद कुमार के अनुसार जैसे ही वे लोग वार्ड 08 स्थित शिव मंदिर के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बदमाशों ने उनकी बाइक को घेर लिया. बदमाशों की संख्या करीब आधा दर्जन थी और सभी ने अपने चेहरे गमछे से ढक रखे थे. अचानक हुए हमले से कारोबारी संभल भी नहीं पाए.
बदमाशों ने पीछे बैठे बबलू गांधी को पकड़ लिया और जब उन्होंने विरोध करने की कोशिश की तो अपराधियों ने आक्रामक रुख अपना लिया. इस दौरान अरविंद कुमार ने एक बदमाश का गमछा खींचने की कोशिश की, जिससे वे पहचान में आ सकें.
Hotel Businessman Attack : चार राउंड फायरिंग से मचा हड़कंप
जैसे ही बदमाशों को लगा कि उनकी पहचान हो सकती है, उन्होंने ताबड़तोड़ करीब चार राउंड फायरिंग कर दी. गोली चलने की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. इसी दौरान अपराधियों ने अरविंद कुमार के गले से सोने की चेन छीन ली और उनके बैग में रखा नकद भी लूट लिया.
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी सोन नदी की ओर भाग निकले और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए.
Crime News : दूसरे कारोबारी ने भागकर बचाई जान
घटना के समय दूसरी बाइक से साथ चल रहे अभिषेक कुमार को भी बदमाशों ने पकड़ने की कोशिश की. हालांकि उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए अपनी बाइक छोड़ दी और पास की गली में घुसकर शोर मचाना शुरू कर दिया. शोर सुनकर आसपास के लोग बाहर निकलने लगे.
स्थानीय लोगों की हलचल बढ़ती देख बदमाशों ने अभिषेक का पीछा करना छोड़ दिया और तेजी से भाग निकले. इस दौरान इलाके में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा.
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही अपर थानाध्यक्ष सुभाष कुमार मंडल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने वहां से फायरिंग में इस्तेमाल किए गए खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है.
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है. साथ ही संभावित सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि अपराधियों की पहचान हो सके.
इलाके में दहशत, सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है. लोगों का कहना है कि यह इलाका घनी आबादी वाला है और यहां देर रात तक लोगों का आना-जाना लगा रहता है. कोईलवर चौक से आजाद कला मंदिर तक की सड़क कई वार्डों को जोड़ती है, जहां आमतौर पर रात में भी आवाजाही रहती है.
इसके बावजूद इस तरह की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर आबादी वाले इलाके में भी अपराधी बेखौफ होकर फायरिंग और लूट की घटना को अंजाम देंगे, तो आम लोगों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी.
पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुटी है और अपराधियों की तलाश जारी है. इस घटना ने एक बार फिर इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है. अब देखना होगा कि पुलिस कितनी जल्दी आरोपियों को गिरफ्तार कर इस मामले का खुलासा करती है.
Also Read : आरा में बड़े भाई ने छोटे भाई को मारी गोली, गंभीर हालत में युवक पटना रेफर; पुलिस मामले की जांच में जुटी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










