बिहार: आरा में ED की रेड, ब्रॉडसन के MD कृष्ण मोहन सिंह और बालू कारोबारी पुंज सिंह के ठिकानाें पर छापेमारी
Published by : ThakurShaktilochan Sandilya Updated At : 16 Mar 2024 9:58 AM
ED Raid News: बिहार के आरा में बालू कारोबार से जुड़े मामले में ईडी की कार्रवाई हुई है. कारोबारी पुंज कुमार सिंह के ठिकाने पर रेड हुई है.
ED Raid News: बालू कारोबार से जुड़े मामले में ईडी ने बिहार में फिर एकबार कार्रवाई की है. आरा में बालू कारोबारी पुंज कुमार सिंह के ठिकाने पर छापेमारी की जा रही है. आरा के कोइलवर थाना के धनडीहा में ये कार्रवाई की जा रही है. शनिवार की अहले सुबह ही ईडी की टीम ने पुंज कुमार सिंह के ठिकाने पर दबिश डाली. वहीं ब्रॉडसन के एमडी कृष्ण मोहन सिंह के नगर थाना स्थित आनंद नगर आवास पर भी ईडी की छापेमारी हुई है.
बालू कारोबारी पुंज कुमार सिंह के ठिकाने पर दबिश
प्रवर्तन निदेशालय (ED) बालू से जुड़े अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है. इसी कड़ी में आरा के धनडीहा में बालू कारोबारी पुंज सिंह के मकान में छापेमारी शनिवार को की गयी है. बता दें कि पुंज सिंह पहले से जांच एजेंसी के रडार पर हैं. वहीं बालू के अवैध कारोबार को लेकर बिहार के कई राजनेता भी जांच की जद में आ चुके हैं. ईडी ने एमएलसी राधाचरण सेठ पर भी कार्रवाई की है और इसी महीने लालू के करीबी राजद नेता सुभाष यादव के ठिकानों पर छापेमारी की थी.
ब्रॉडसन कंपनी के एमडी कृष्ण मोहन सिंह के ठिकाने पर रेड
ईडी ने ब्रॉडसन कंपनी के एमडी कृष्ण मोहन सिंह के ठिकाने पर भी शनिवार को दबिश डाली है. ईडी की टीम नगर थाना स्थित आनंद नगर स्थित कृष्ण मोहन सिंह के मकान पर पहुंची और छापेमारी शुरू की है. मुख्य द्वार को बंद करके अंदर कार्रवाई की जा रही है.





ब्रॉडसन कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई
प्रवर्तन निदेशालय (ED) बालू सिंडिकेट और भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में लगातार कार्रवाई कर रही है. पुंज सिंह ब्रॉडसन कंपनी के डायरेक्टर रह चुके हैं. इस कंपनी के कई अधिकारी जांच एजेंसियों की रडार पर चढ़ चुके हैं. सुभाष यादव के ठिकानों पर छापेमारी के अलावा ईडी ने बीते 9 मार्च को ब्रॉडसन के एक अन्य अधिकारी अशोक कुमार और अजय राय के भी ठिकानों पर छापेमारी की थी. जबकि सुभाष यादव के अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की गयी तो दो करोड़ से अधिक कैश व कागजात वगैरह मिले थे. सुभाष यादव राजद के लोकसभा उम्मीदवार रह चुके हैं. ईडी ने 9 मार्च की देर रात तक चली छापेमारी के बाद उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. सुभाष यादव भी बालू के कारोबार से जुड़ी ब्रॉडसन कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के निदेशक हैं.
8 दिनों के अंदर दूसरी बड़ी कार्रवाई
बिहार में बालू के अवैध कारोबार के खिलाफ हो रही इन कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है. आए दिन ईडी रडार पर चढ़े लोगों पर दबिश डाल रही है. 8 दिनों के अंदर ये दूसरी बड़ी कार्रवाई की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By ThakurShaktilochan Sandilya
डिजिटल मीडिया का पत्रकार. प्रभात खबर डिजिटल की टीम में बिहार से जुड़ी खबरों पर काम करता हूं. प्रभात खबर में सफर की शुरुआत 2020 में हुई. कंटेंट राइटिंग और रिपोर्टिंग दोनों क्षेत्र में अपनी सेवा देता हूं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










