आरा : बड़हरा में पहली सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, शिवमय हुआ इलाका

Updated:
विज्ञापन
कालीकलेश्वर मंदिर बखोरापुर में पूजा अर्चना करते श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network

कालीकलेश्वर मंदिर बखोरापुर में पूजा अर्चना करते श्रद्धालु

Sawan First Somwari : सावन के पहले सोमवार पर बड़हरा के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा पूरा क्षेत्र, जानें क्या है इसका महत्व।

विज्ञापन

Sawan First Somwari : सावन मास की पहली सोमवारी पर बड़हरा प्रखंड के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला. कालीकलेश्वर महादेव मंदिर बखोरापुर, संगमेश्वर महादेव मंदिर सहित अन्य प्रमुख शिवालयों में अहले सुबह से ही भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं. मंदिर परिसर 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयघोष से गूंजता रहा.

गंगाजल, दूध और बेलपत्र से किया गया जलाभिषेक

महिला, पुरुष, युवा और बुजुर्ग श्रद्धालु गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, पुष्प और अन्य पूजन सामग्री लेकर मंदिर पहुंचे. भक्तों ने विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक और रुद्राभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की.

सावन सोमवार की धार्मिक मान्यता पर उमड़ी आस्था

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सावन का महीना भगवान शिव को अत्यंत प्रिय माना जाता है. विशेष रूप से सोमवार के दिन शिव पूजा का विशेष महत्व होता है. श्रद्धालुओं का विश्वास है कि सावन सोमवार पर सच्चे मन से भगवान शिव की आराधना करने से जीवन के कष्ट दूर होते हैं, मनोकामनाएं पूरी होती हैं और वैवाहिक जीवन से जुड़ी बाधाओं का भी निवारण होता है.

शिव चालीसा और महामृत्युंजय मंत्र से गूंजे मंदिर

पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर गंगाजल, दूध, बेलपत्र, भांग, धतूरा और पुष्प अर्पित किए. मंदिरों में शिव चालीसा, महामृत्युंजय मंत्र और अन्य वैदिक मंत्रों का जाप किया गया. कई स्थानों पर भजन-कीर्तन का आयोजन भी हुआ, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा.

पुजारी ने बताया सावन पूजा का महत्व

कालीकलेश्वर महादेव मंदिर बखोरापुर के पुजारी विष्णु बाबा ने बताया कि सावन महीने में प्रातः स्नान कर भगवान शिव का गंगाजल और दूध से अभिषेक तथा बेलपत्र अर्पित करने का विशेष धार्मिक महत्व है. उन्होंने कहा कि श्रद्धापूर्वक की गई पूजा से भगवान शिव भक्तों पर अपनी कृपा बरसाते हैं.

जय मां काली मंदिर में भी उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

बखोरापुर स्थित प्राचीन जय मां काली मंदिर में भी पहली सोमवारी पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा. मंदिर ट्रस्ट के संरक्षक सुनील सिंह गोपाल ने बताया कि भोजपुर के अलावा आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक और मां काली के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे. मंदिर परिसर 'हर-हर महादेव', 'बोल बम' और 'जय मां काली' के जयघोष से गूंज उठा.

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए विशेष इंतजाम

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट और स्थानीय प्रशासन की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गईं. दर्शन और जलाभिषेक के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गईं. स्वयंसेवकों की टीम श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करती रही. पेयजल, साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की गई, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा.

Also Read : आरा में सावन की पहली सोमवारी पर शिव मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजे शिवालय



विज्ञापन
संतोष कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By संतोष कुमार सिंह

संतोष कुमार सिंह 20 वर्षों से पत्रकारिता कर रहे हैं. प्रिंट, डिजिटल और प्रमुख मीडिया ऐप्स (न्यूज प्लेटफॉर्म्स) पर काम का अनुभव रखने वाले संतोष की राजनीति, अपराध और धर्म-संस्कृति की खबरों पर पैनी नजर रहती है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन