भोजपुर में पेपरलेस निबंधन प्रणाली लागू, मोबाइल से खुद तैयार कर सकेंगे दस्तावेज
पेपरलेस जमीन निबंधन की जानकारी देते अधिकारी
भोजपुर में अब पेपरलेस निबंधन प्रणाली शुरू हो गई है। इससे दस्तावेज निबंधन की प्रक्रिया सुरक्षित, पारदर्शी और सुगम हो गई है। जानें इसके लाभ और पूरी जानकारी।
Arrah News : मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, बिहार सरकार ने दस्तावेज निबंधन की प्रक्रिया को सुगम, सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से ई-निबंधन के तहत पेपरलेस निबंधन प्रणाली लागू की है. इसी क्रम में तीसरे और अंतिम चरण के तहत भोजपुर जिले में 17 अगस्त 2026 से पेपरलेस निबंधन प्रणाली लागू कर दी गयी है.
आपके शहर में
इस व्यवस्था से दस्तावेज तैयार करने और निबंधन की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक, पारदर्शी और जवाबदेह होगी. पक्षकारों के समय की बचत होगी और उन्हें स्वयं अपना दस्तावेज तैयार करने की सुविधा मिलेगी. निबंधित दस्तावेज इलेक्ट्रॉनिक रूप से सुरक्षित रखे जायेंगे, जिससे दस्तावेजों के संरक्षण के साथ फर्जीवाड़े की रोकथाम में भी मदद मिलेगी.
निःशुल्क मिलेगी दस्तावेज की प्रिंटेड प्रति
निबंधन के बाद पक्षकार को निबंधन कार्यालय की ओर से दस्तावेज की प्रिंटेड प्रति निःशुल्क उपलब्ध करायी जाएगी. इस प्रति पर कार्यालय की मुहर अंकित रहेगी. आपदा या किसी अन्य कारण से मूल दस्तावेज खो जाने अथवा नष्ट होने की स्थिति में अब चिंता कम होगी, क्योंकि निबंधित दस्तावेज इलेक्ट्रॉनिक रूप से भी सुरक्षित और ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा. जरूरत पड़ने पर इसे आसानी से प्राप्त किया जा सकेगा.
निबंधन प्रक्रिया में ओटीपी देना वैकल्पिक होगा. इसके अलावा आधार ओटीपी के साथ ई-केवाईसी और डिजिटल सिग्नेचर की सुविधा भी उपलब्ध करायी गयी है.
मोबाइल से खुद तैयार कर सकेंगे दस्तावेज
पक्षकार enibandhan.bihar.gov.in पर मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी के माध्यम से अपनी आईडी बना सकते हैं. इसके बाद आवश्यक विवरण दर्ज कर स्वयं अपना दस्तावेज ऑनलाइन तैयार किया जा सकेगा. मोबाइल से दस्तावेज तैयार करने की सुविधा से लोगों को निबंधन कार्यालय के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और समय की भी बचत होगी.
यदि किसी व्यक्ति को ऑनलाइन दस्तावेज तैयार करने में परेशानी होती है, तो संबंधित निबंधन कार्यालय के काउंटर से सहायता ली जा सकती है. इसके अलावा निबंधन कार्यालय परिसर में कार्यरत सेवा प्रदाताओं की मदद से भी आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड किये जा सकते हैं.
सभी पंचायतों में चलेगा जागरूकता अभियान
जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा के निर्देश पर ई-निबंधन और पेपरलेस निबंधन प्रणाली के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करने के लिए जिले की सभी पंचायतों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जायेगा. इसके लिए सभी अवर निबंधक, मुखिया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
नई व्यवस्था को लेकर लोगों को प्रेरित किया जाएगा
जनप्रतिनिधियों के माध्यम से भी अधिक से अधिक लोगों को नई व्यवस्था की जानकारी देने और इसका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जायेगा. जिला निबंधन कार्यालय, भोजपुर ने आम नागरिकों से दस्तावेज निबंधन के लिए पेपरलेस प्रणाली का अधिकाधिक उपयोग करने की अपील की है.
समस्या होने पर इन नंबर पर करें संपर्क
किसी प्रकार की असुविधा होने पर जिला अवर निबंधक, भोजपुर, आरा से 9110036336, अवर निबंधक, जगदीशपुर से 9110036338 और अवर निबंधक, पीरो से 9110036339 पर संपर्क किया जा सकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए