भरत भूषण तिवारी के गांव पहुंचे जन सुराज प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, कहा- पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक करे सरकार

Updated:
विज्ञापन

बिलौटी गांव पहुंचे जन सुराज प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती

Bharat Tiwari Encounter : जन सुराज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने भोजपुर के बिलौटी गांव पहुंचकर भरत भूषण तिवारी के परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक करने और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय दिलाने का भरोसा दिया.

विज्ञापन

Bharat Tiwari Encounter : (मिथिलेश्वर सिन्हा की रिपोर्ट) जन सुराज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने शुक्रवार को बिलौटी गांव पहुंचकर कथित पुलिस मुठभेड़ में मृत भरत भूषण तिवारी के परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की.

स्वतंत्र जांच से सामने आएगी सच्चाई

परिजनों से बातचीत के बाद मनोज भारती ने कहा कि सरकार को इस मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच करानी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि भरत तिवारी मानसिक रूप से परेशान नहीं थे, बल्कि अधिकारियों की कार्यशैली से नाराज थे. उन्होंने कहा कि मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए ताकि जनता के बीच उठ रहे सवालों का जवाब मिल सके.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग

जन सुराज प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक की जानी चाहिए. इससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि मृतक को कितनी गोलियां लगीं और शरीर के किन हिस्सों में चोटें आई थीं. उन्होंने कहा कि जांच प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए ताकि किसी प्रकार की आशंका न रहे.

दोषियों पर हो विधिसम्मत कार्रवाई

मनोज भारती ने कहा कि यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मी की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए. उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि न्याय की मांग को लेकर उनकी पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी.

पार्टी नेताओं और स्थानीय लोगों की रही मौजूदगी

इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता किशोर कुमार, नेत्री अनुरानी झा, डॉ. पद्मा ओझा, ददन यादव सहित अन्य कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे. सभी ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

इसे भी पढ़ें : कथित फर्जी एनकाउंटर की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई : सांसद सुदामा प्रसाद

विज्ञापन
निखिल अनुराग

लेखक के बारे में

By निखिल अनुराग

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन