Arrah News: पीरो अनुमंडल में हेलमेट और सीट बेल्ट जांच होगी सख्त, हर दिन होगी जांच

Published by : Nikhil Anurag Updated At : 24 May 2026 6:13 PM

विज्ञापन

भोजपुर के पीरो अनुमंडल में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने हेलमेट और सीट बेल्ट जांच अभियान सख्त करने का निर्णय लिया है. एसडीओ कृष्ण कुमार उपाध्याय ने सभी थानाध्यक्षों को प्रतिदिन वाहन जांच का निर्देश दिया है. नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई होगी और अभियान की रिपोर्ट प्रशासन को भेजनी होगी.

विज्ञापन

Arrah News: (नरेन्द्र प्रसाद सिंह की रिपोर्ट) पीरो अनुमंडल क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं और उनमें हो रही जान-माल की क्षति को गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल प्रशासन ने वाहन जांच अभियान को और सख्त करने का फैसला लिया है. अब दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराया जाएगा. इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) कृष्ण कुमार उपाध्याय ने अनुमंडल क्षेत्र के सभी थानाध्यक्षों को पत्र जारी कर प्रतिदिन कम से कम एक घंटे तक सघन वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया है.

नियमों की अनदेखी बन रही हादसों की वजह

जारी निर्देश में कहा गया है कि सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी, विशेषकर हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने के कारण सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की जान जा रही है. इसे देखते हुए नियमित जांच अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

जांच अभियान की रिपोर्ट भी देनी होगी

एसडीओ के निर्देशानुसार सभी थानाध्यक्षों को वाहन जांच अभियान की तस्वीरें अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों के व्हाट्सएप ग्रुप में साझा करनी होंगी. साथ ही जांच किए गए वाहनों की संख्या और वसूले गए जुर्माने की जानकारी अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी सह अनुमंडल दंडाधिकारी श्रेया बोस को नियमित रूप से उपलब्ध करानी होगी.

समाजसेवियों ने किया फैसले का स्वागत

अनुमंडल प्रशासन के इस फैसले का क्षेत्र के समाजसेवियों और युवाओं ने स्वागत किया है. समाजसेवी धीरू सिंह, विकाश कुमार योगी, युवा समाजसेवी मनीष कुमार यादव और संजीव केशरी समेत कई लोगों ने इसे सड़क सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है.

इसे भी पढ़ें: BPSC TRE 4 भर्ती को लेकर आया अपडेट, जल्द आएगा नोटिफिकेशन, सरकार ने तेज की तैयारी

विज्ञापन
Nikhil Anurag

लेखक के बारे में

By Nikhil Anurag

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन