भोजपुर में 11 दिन से लापता युवक का शव सूखे कुएं से बरामद, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप
मृतक का परिजन
Arrah Crime : भोजपुर जिले के कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के केवटिया गांव में 11 दिनों से लापता युवक अखिलेश यादव का शव सूखे कुएं से बरामद हुआ है. परिजनों ने गला घोंटकर हत्या करने और शव को कुएं में फेंकने का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना रेफर किया गया है.
आरा से मो. वसीम की रिपोर्ट
Arrah Crime : भोजपुर जिले के कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के केवटिया गांव में 11 दिनों से लापता युवक का शव सोमवार को एक सूखे कुएं से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान केवटिया गांव निवासी 35 वर्षीय अखिलेश यादव के रूप में हुई है. परिजनों ने गला घोंटकर हत्या कर शव कुएं में फेंके जाने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ठाकुर जी के मठिया स्थित सूखे कुएं से मिला शव
जानकारी के अनुसार, अखिलेश यादव गुजरात के सूरत स्थित एक निजी कंपनी में काम करते थे. सोमवार की दोपहर गांव के ठाकुर जी के मठिया के समीप स्थित सूखे कुएं में उनका शव मिलने से ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलने पर कृष्णगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल भेजा.
12 जून की रात से थे लापता
मृतक के साला अजय कुमार ने बताया कि अखिलेश यादव 12 जून को सूरत से गांव लौटे थे. उसी रात वह घर से बाजार जाने की बात कहकर निकले थे. आरोप है कि उनके छोटे भाई के साढ़ू लालबाबू और विक्की उन्हें अपने साथ ले गए, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटे. काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने 13 जून को थाने में आवेदन दिया था. बाद में 16 जून को गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई गई.
पुराने विवाद को लेकर हत्या का आरोप
परिजनों का आरोप है कि करीब 20 दिन पहले फोन पर हुए विवाद के दौरान अखिलेश यादव को धमकी दी गई थी. इसी विवाद को हत्या की वजह बताया जा रहा है. मृतक के साला ने रिश्तेदारों पर गला घोंटकर हत्या करने तथा शव कुएं में फेंकने का आरोप लगाया है.
पोस्टमार्टम के लिए पटना भेजा गया शव
पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल लाई, लेकिन शव काफी सड़-गल जाने के कारण चिकित्सकों ने विस्तृत जांच के लिए पटना रेफर कर दिया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.
परिवार में मचा कोहराम
अखिलेश यादव पांच भाइयों और दो बहनों में दूसरे स्थान पर थे. उनकी शादी करीब 10 वर्ष पहले हुई थी, लेकिन उन्हें कोई संतान नहीं थी . घटना के बाद पत्नी मंजू देवी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस कर रही सभी बिंदुओं पर जांच
कृष्णगढ़ थाना पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें : 70वीं BPSC में सूरज कुमार की उपलब्धि से गौरवान्वित हुआ बिक्रम, वार्ड पार्षद ने किया सम्मानित
इसे भी पढ़ें : स्टेशनरी दुकानदार के बेटे-बेटी ने बढ़ाया पटना का मान, 70वीं BPSC में लहराया सफलता का परचम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Nikhil Anurag
मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर पलायन कर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










