आरा रेलवे जंक्शन पर गंदगी देख एडीआरएम हुए नाराज, 10 अगस्त को जीएम के दौरे से पहले बढ़ी हलचल

आरा जंक्शन (सांकेतिक तस्वीर)
Arrah Railway Junction : आरा रेलवे जंक्शन पर एडीआरएम ने निरीक्षण के दौरान गंदगी पर नाराजगी जताई। 10 अगस्त को जीएम के संभावित दौरे को लेकर विकास कार्यों की समीक्षा की गई।
Arrah Junction : आरा रेलवे जंक्शन पर शनिवार को दानापुर रेल मंडल के एडीआरएम राजीव कुमार ने व्यापक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, यात्री सुविधाओं और चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की. स्टेशन पर फैली गंदगी को लेकर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल सफाई व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया. साथ ही 10 अगस्त को प्रस्तावित जीएम दौरे की तैयारियां भी तेज हो गई हैं.
आरा रेलवे जंक्शन का किया गया व्यापक निरीक्षण
दानापुर रेल मंडल के एडीआरएम राजीव कुमार शनिवार को स्पेशल सैलून से आरा रेलवे जंक्शन पहुंचे. स्टेशन प्रबंधक एन.के. राय ने उनका स्वागत किया. इसके बाद एडीआरएम ने प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया और स्टेशन परिसर का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं तथा चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की.
स्टेशन की गंदगी देखकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर फैली गंदगी को देखकर एडीआरएम ने नाराजगी जताई. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रियों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिक जिम्मेदारी है.
निरीक्षण से पहले हटाई गई फुटपाथी दुकानें और वाहन
एडीआरएम के आगमन की सूचना पहले से मिलने के कारण स्टेशन परिसर के बाहर लगी फुटपाथी दुकानों को हटवा दिया गया. परिसर में खड़े वाहनों को भी हटाया गया ताकि निरीक्षण के दौरान व्यवस्था सुचारु और व्यवस्थित बनी रहे.
रेलवे अस्पताल के निर्माण कार्य की भी हुई समीक्षा
निरीक्षण के बाद एडीआरएम महाराजा हाता स्थित रेलवे हेल्थ सेंटर पहुंचे. यहां उन्होंने अस्पताल भवन का निरीक्षण किया और निर्माणाधीन दूसरे तल के ढलाई कार्यों का जायजा लिया. उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की तथा कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर जोर दिया.
रेलवे कॉलोनी की सुविधाओं का भी लिया जायजा
रेलवे अस्पताल के निरीक्षण के बाद एडीआरएम ने रेलवे कॉलोनी का भ्रमण किया. उन्होंने कॉलोनी में उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली. करीब एक घंटे तक चले निरीक्षण के बाद वह स्पेशल सैलून से दानापुर मंडल मुख्यालय के लिए रवाना हो गए.
10 अगस्त को जीएम के संभावित दौरे की तैयारी तेज
रेलवे सूत्रों के अनुसार 10 अगस्त को हाजीपुर मुख्यालय के महाप्रबंधक (जीएम) छत्रसाल सिंह के आरा दौरे की संभावना है. संभावित कार्यक्रम के तहत जीएम महाराजा हाता स्थित निर्माणाधीन रेलवे अस्पताल का निरीक्षण कर विकास कार्यों की समीक्षा कर सकते हैं. इसे देखते हुए रेलवे प्रशासन ने तैयारियों की रफ्तार बढ़ा दी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










