इंदौर पटाखा फैक्ट्री अग्निकांड में एक और मजदूर ने तोड़ा दम, नरपतगंज में मौतों का आंकड़ा बढ़कर हुआ 6
Published by : Divyanshu Prashant Updated At : 23 May 2026 1:20 PM
मृतक के घर सांत्वना देते ग्रामीण
Narpatganj Laborer Indore Fire Death: मध्य प्रदेश के इंदौर में हुआ पटाखा फैक्ट्री अग्निकांड बिहार के अररिया जिले के लिए काल साबित हो रहा है. इस भयावह हादसे में गंभीर रूप से झुलसे एक और युवा मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में मातम पसर गया है.
Narpatganj Laborer Indore Fire Death : अररिया के नरपतगंज से संजीव कुमार यादव की रिपोर्ट: मध्य प्रदेश के इंदौर में पटाखा फैक्ट्री में एक सप्ताह पूर्व हुए अग्निकांड मामले में गंभीर रूप से घायल गोखलापुर वार्ड 8 निवासी एक और मजदूर की शुक्रवार देर रात्रि इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई. इस ताजा मौत के बाद इंदौर अग्निकांड में अकेले नरपतगंज प्रखंड के मरने वाले मजदूरों की कुल संख्या बढ़कर अब 06 हो चुकी है.
गोखलापुर गांव में तीसरी मौत से मचा कोहराम
ताजा मामले में मृतक मजदूर की पहचान गोखलापुर के वार्ड संख्या 8 निवासी 26 वर्षीय निरंजन कुमार (पिता हीरालाल राम) के रूप में हुई है. निरंजन इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था और जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा था. शुक्रवार देर रात उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया. जैसे ही शनिवार सुबह निरंजन की मौत की खबर गांव पहुंची, परिजनों में चीख-पुकार मच गई. गोखलापुर गांव पहले से ही अपने दो बेटों को खोने के सदमे में था, इसी बीच इस तीसरी मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है.
नरपतगंज के कई गांवों में पसरा सन्नाटा, शव का इंतजार
इंदौर हादसे की आग में झुलसकर अब तक नरपतगंज प्रखंड के गोखलापुर और भवानीपुर गांवों के कुल 06 मजदूरों की जान जा चुकी है. जैसे-जैसे मृतकों की संख्या बढ़ रही है, नरपतगंज प्रखंड सहित संपूर्ण ग्रामीण क्षेत्रों में लोग गहरे सदमे और दहशत में हैं. शनिवार सुबह से ही मृतक निरंजन के घर पर सांत्वना देने वाले स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है. पीड़ित परिवार के साथ-साथ पूरा गांव नम आंखों से मृतक के शव के घर पहुंचने का इंतजार कर रहा है.
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने ढांढस बंधाया
इस दुखद घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आए हैं. पंचायत के सरपंच तौहिद आलम और मुखिया प्रतिनिधि उमेश कुमार चौपाल ने तुरंत मृतक निरंजन कुमार के घर पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और इस कठिन घड़ी में हरसंभव प्रशासनिक व आर्थिक मदद दिलाने का भरोसा दिलाया.
Also Read: CM सम्राट बोले- पुलिस को खुली छूट, अपराधियों को 48 घंटे में मिलेगा जवाब, बाहर रह रहे बिहारियों से भी की खास अपील
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










