फुलकाहा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 55 लीटर नेपाली शराब और बीयर के साथ तस्कर गिरफ्तार
Published by : Divyanshu Prashant Updated At : 24 May 2026 9:55 AM
गिरफ्तार आरोपित
Liquor Seizure Arrest: बिहार में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी बनाने के लिए सीमावर्ती इलाकों में चौकसी बढ़ा दी गई है. इसी कड़ी में अररिया के फुलकाहा में पुलिस ने जाल बिछाकर एक ऐसे बाइक सवार को दबोचा, जो नेपाल के रास्ते अवैध खेप लेकर भारतीय इलाके में खपाने की फिराक में था.
Liquor Seizure Arrest: अररिया के नरपतगंज से संजीव कुमार यादव की रिपोर्ट: नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र के अंतर्गत फुलकाहा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर विशेष छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान पुलिस टीम ने नवाबगंज दुर्गा मंदिर के समीप घेराबंदी कर एक अपाचे बाइक सवार युवक को 55 लीटर प्रतिबंधित नेपाली शराब और बीयर की खेप के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया.
बाइक पर लदी थी 42 लीटर बीयर और 13 लीटर शराब
गिरफ्तार तस्कर की पहचान मिर्जापुर गांव निवासी मुन्ना कुमार यादव के रूप में की गई है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक नेपाल के सीमावर्ती रास्ते से अपनी अपाचे मोटरसाइकिल पर अवैध रूप से 42 लीटर विदेशी बीयर और 13 लीटर नेपाली मसालेदार देशी शराब (कुल 55 लीटर) लोड कर फुलकाहा बाजार की ओर ले जा रहा था. वह इस खेप को स्थानीय स्तर पर ऊंचे दामों में खपाने की योजना बना रहा था.
चेकिंग देखकर भागने का प्रयास, पुलिस ने खदेड़कर दबोचा
नवाबगंज दुर्गा मंदिर के पास पहले से मुस्तैद फुलकाहा थाने के जवानों ने जब एक तेज रफ्तार अपाचे बाइक को आते देखा, तो उसे रुकने का इशारा किया. पुलिस को सामने देख बाइक सवार ने यू-टर्न लेकर भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया. जब बाइक पर बंधे बोरों और डिक्की की सघन तलाशी ली गई, तो उसके भीतर से भारी मात्रा में नेपाल निर्मित शराब और बीयर के केन बरामद हुए, जिसके बाद बाइक को जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया.
केस दर्ज कर भेजा गया जेल, बैकवर्ड लिंकेज की जांच जारी
इस सफल कार्रवाई को लेकर फुलकाहा थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य ने बताया कि जब्त शराब और मोटरसाइकिल को थाने लाया गया है. आरोपी मुन्ना कुमार यादव के खिलाफ बिहार उत्पाद एवं मद्यनिषेध अधिनियम के तहत सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है. रविवार को कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में अररिया जेल भेज दिया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह शराब नेपाल में किसने सप्लाई की थी और यहां इसे किसे डिलीवर किया जाना था.
Also Read: बारूद से बहार तक, 59 साल बाद कितनी बदल गई नक्सलवाद को जन्म देने वाली ‘नक्सलबाड़ी’ की धरती
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Divyanshu Prashant
दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में Prabhat Khabar डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से पत्रकारिता में परास्नातक तथा टी. एन. बी. कॉलेज भागलपुर से हिंदी साहित्य में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें पढ़ने, लेखन और कविता-सृजन में विशेष रुचि है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे Dainik Jagran में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










