जोकीहाट में 22 वर्षीय युवती का शव मिलने से सनसनी, गले पर धारदार वार के निशान, 5 लोग हिरासत में
फोटो- पीड़ित परिजनों से पूछताछ करती पुलिस | Prabhat Khabar Network
अररिया के जोकीहाट में सनसनीखेज वारदात, 22 वर्षीय युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका के गले पर मिले धारदार हथियार के वार के निशान, पुलिस ने 5 लोगों को हिरासत में लिया है।
Araria Crime News: जोकीहाट (अररिया). थाना क्षेत्र के मटियारी पंचायत स्थित हैयाधार गांव वार्ड संख्या-09 में रविवार को 22 वर्षीय युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. मृतका की पहचान जुमनी, पिता मोहसीन, निवासी हैयाधार वार्ड संख्या-09 के रूप में हुई है. सूचना मिलने पर जोकीहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेज दिया.
गले पर मिले धारदार हथियार के वार के निशान
परिजनों के अनुसार जुमनी जिस कमरे में सोई थी, वहीं उसका शव मिला. मृतका के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए. कमरे से खून से सना तकिया और खून लगा कपड़ा भी बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जांच के लिए सुरक्षित रखा है.
परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप
मृतका के पिता मोहसीन ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की गला रेतकर हत्या की गई है. उन्होंने बताया कि घटना के समय जुमनी के साथ उसकी 17 वर्षीय बहन आशियाना भी उसी कमरे में सो रही थी. परिजनों ने यह भी बताया कि 2 अगस्त को पड़ोसियों के साथ खेत में बकरी चराने को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी. हालांकि पुलिस ने फिलहाल इस विवाद और घटना के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं की है.
पांच लोगों से पूछताछ, पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी
थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पूछताछ के दौरान घटना के समय को लेकर अलग-अलग बयान सामने आए हैं. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है.
गांव में तनाव, जनप्रतिनिधियों ने की कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. पूर्व पंचायत समिति सदस्य सलाउद्दीन और स्थानीय मुखिया कमरूज्जमां ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की. समाचार लिखे जाने तक मृतका के पिता की ओर से थाने में लिखित आवेदन नहीं दिया गया था.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
Araria Crime News: पुलिस का कहना है कि आसपास के लोगों और संभावित गवाहों से पूछताछ की जा रही है. अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण और घटना की परिस्थितियां अधिक स्पष्ट हो सकेंगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए