फारबिसगंज: राज्य में सर्वाधिक GST भुगतान पर दो व्यवसायी भामाशाह सम्मान से पुरस्कृत, प्रभारी मंत्री ने सौंपा मेडल
आरके ऑटो के प्रोपराइटर लक्षमण शर्मा व जेएम मोटर्स के प्रोपराइटर को भामा शाह पुरस्कार से सम्मानित करते अररिया जिला के प्रभारी मंत्री | Prabhat Khabar Network
फारबिसगंज के दो प्रमुख कारोबारियों ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान बिहार में सर्वाधिक GST जमा कर रिकॉर्ड बनाया है. उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें प्रतिष्ठित 'भामाशाह पुरस्कार' से सम्मानित किया गया है.
वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान बिहार राज्य में गैर-कॉरपोरेट श्रेणी में सर्वाधिक जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) जमा कर रिकॉर्ड बनाने वाले व्यवसायियों की सूची में फारबिसगंज के दो प्रमुख कारोबारियों ने अपनी जगह बनाई है. उत्कृष्ट व्यावसायिक प्रदर्शन, नियमित कर अनुपालन और पारदर्शिता के लिए आरके ऑटो के प्रोपराइटर लक्ष्मण शर्मा तथा जेएम मोटर्स के प्रोपराइटर अमित कुमार शर्मा को प्रतिष्ठित 'भामाशाह पुरस्कार' से नवाजा गया है.
स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रभारी मंत्री ने किया सम्मानित
80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर अररिया जिला मुख्यालय में आयोजित मुख्य राजकीय समारोह के दौरान दोनों व्यवसायियों को सार्वजनिक रूप से यह सम्मान प्रदान किया गया. बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री सह अररिया जिला के प्रभारी मंत्री रामचंद्र प्रसाद ने दोनों व्यवसायियों को प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया. इस गरिमामय अवसर पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित जिले के तमाम वरीय प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे.
26 वर्षों के अनुभव के साथ लक्ष्मण शर्मा बने राज्य में नंबर वन
आरके ऑटो के संचालक लक्ष्मण शर्मा पिछले 26 वर्षों से ऑटोमोबाइल सेक्टर में बजाज ऑटो लिमिटेड से जुड़े हुए हैं. वे बीते 16 वर्षों से फारबिसगंज में आरके ऑटो का सफल संचालन कर रहे हैं, जहां बजाज और केटीएम की लोकप्रिय बाइकों की बिक्री और सर्विसिंग की जाती है. पिछले वित्तीय वर्ष में राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले लक्ष्मण शर्मा ने इस बार अपने उत्कृष्ट प्रबंधन और बिक्री के दम पर पूरे बिहार में प्रथम स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है.
तीन दशकों से विश्वसनीयता की मिसाल बने अमित कुमार शर्मा
जेएम मोटर्स के प्रोपराइटर अमित कुमार शर्मा वर्ष 1997 से क्षेत्र में हीरो मोटोकॉर्प की डीलरशिप का कुशल संचालन कर रहे हैं. पिछले लगभग तीन दशकों से ईमानदारी, उपभोक्ता सेवा और वित्तीय पारदर्शिता के साथ व्यापार करते हुए उन्होंने संस्थान को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है. पिछले वित्तीय वर्ष में पूरे राज्य में प्रथम स्थान पर रहे अमित कुमार शर्मा ने इस वर्ष भी शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए गैर-कॉरपोरेट श्रेणी में तृतीय स्थान प्राप्त किया है.
सम्मान को बताया सामूहिक प्रयास और ग्राहकों का विश्वास
राज्य स्तर पर मिले इस प्रतिष्ठित सम्मान के बाद दोनों व्यवसायियों ने अपनी सफलता का श्रेय ग्राहकों, कर्मचारियों और सहयोगियों के अटूट विश्वास को दिया. उन्होंने कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं बल्कि पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का सुखद परिणाम है. दोनों कारोबारियों ने जोर देकर कहा कि राष्ट्र और राज्य के विकास के लिए कर दायित्वों का समय पर और पूरी ईमानदारी से निर्वहन करना प्रत्येक व्यापारी का प्राथमिक कर्तव्य है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By कलीमउद्दीन
कलीमउद्दीन प्रिंट माध्यम में 24 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









