फारबिसगंज: प्रभारी मंत्री रामचंद्र प्रसाद का वरिष्ठ भाजपा नेता शंभू साह के आवास पर भव्य स्वागत, कार्यकर्ताओं में दिखा भारी उत्साह
बिहार सरकार के पर्यावरण,वन व जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री सह अररिया ज़िला प्रभारी मंत्री का स्वागत करते भाजपा कार्यकर्तागण व प्रबुद्धजन | Prabhat Khabar Network
अररिया के प्रभारी मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद का फारबिसगंज में भाजपाइयों ने भव्य स्वागत किया. इस दौरान जिले के विकास और जनसेवा को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई. कार्यकर्ताओं ने मंत्री का उत्साहवर्धन किया.
बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री सह अररिया जिला के प्रभारी मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद के फारबिसगंज आगमन पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया. शनिवार को शहर के काली मेला रोड स्थित वरिष्ठ भाजपा नेता शंभू प्रसाद साह के आवासीय परिसर में आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में पहुंचे पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने प्रभारी मंत्री का गर्मजोशी से अभिनंदन किया और जिले के विकास को लेकर चर्चा की.
फूल-माला और अंगवस्त्र भेंट कर किया गर्मजोशी से अभिनंदन
वरिष्ठ भाजपा नेता शंभू प्रसाद साह के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने प्रभारी मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद को अंगवस्त्र, पाग और फूलों का बड़ा गुलदस्ता भेंट किया तथा फूल-माला पहनाकर उनका नागरिक अभिनंदन किया. समारोह के दौरान उत्साहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र व राज्य सरकार के समर्थन में जमकर नारे लगाए. कार्यकर्ताओं के इस उत्साह और स्नेह से अभिभूत होकर मंत्री ने सभी का आभार व्यक्त किया.
जिले का चौमुखी विकास और समस्याओं का त्वरित समाधान प्राथमिकता: मंत्री
उपस्थित कार्यकर्ताओं और नागरिकों को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री रामचंद्र प्रसाद ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं का यह अपार स्नेह और विश्वास उनके लिए जनसेवा की सबसे बड़ी ऊर्जा है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण के विस्तार और सीमांचल के समग्र विकास को लेकर पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रही है. अररिया जिले के प्रभारी मंत्री के रूप में वे आम जनता की समस्याओं के त्वरित निष्पादन, बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण और जिले के चौमुखी विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे.
सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान
वरिष्ठ भाजपा नेता शंभू प्रसाद साह ने प्रभारी मंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि उनके कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में अररिया जिला विकास के नए आयाम स्थापित करेगा. उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सक्रियता से कार्य करें. कार्यक्रम में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में जिले की प्रगति में अपनी सकारात्मक भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराया.
स्वागत समारोह में ये प्रमुख नेता और कार्यकर्ता रहे उपस्थित
इस भव्य स्वागत समारोह में मुख्य रूप से अररिया नगर परिषद के उप मुख्य पार्षद गौतम साह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रताप नारायण मंडल, रजत रंजन उर्फ राजू साह, सुरेश केशरी, पूर्व जिला परिषद सदस्य सह भाजपा नेता ध्रुव दास, अविनाश कन्नौजिया अंशु, सुनील चौरसिया, मृत्युंजय झा और नरेश चौधरी शामिल हुए. इसके अलावा भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सह नगर पार्षद चांदनी सिंह, लक्ष्मी रंजन, नम्रता सिंह, पूर्व नगर पार्षद सह पूर्व नगर अध्यक्ष धीरज पासवान, दीपक शर्मा, जितेंद्र दास सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By कलीमउद्दीन
कलीमउद्दीन प्रिंट माध्यम में 24 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









