अररिया की फैक्ट्री में मजदूर की संदिग्ध मौत, परिजनों ने प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप
अररिया की कैपकॉन फैक्ट्री में एक मजदूर की संदिग्ध मौत. परिजनों ने बकाया मजदूरी को लेकर विवाद और सुरक्षा उपकरणों की कमी का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है.
अररिया. आरएस थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर स्थित कथित कैपकॉन कंपनी में काम करने वाले एक मजदूर की मंगलवार को संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी. घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया. परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है. वहीं, कंपनी प्रबंधन ने परिजनों के आरोपों को निराधार बताते हुए इसे काम के दौरान हुआ आकस्मिक हादसा बताया है.
मृतक परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था
मृतक की पहचान आरएस रहिकपुर वार्ड संख्या एक निवासी 42 वर्षीय जय राम गोस्वामी के रूप में हुई है. बताया गया कि जय राम गोस्वामी अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे. उनकी मौत के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है. मृतक के दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है.
बिजली सामग्री बनाने वाली कंपनी में करता था मजदूरी
जानकारी के अनुसार, बैजनाथपुर स्थित कैपकॉन कंपनी में बिजली के तार और अन्य विद्युत सामग्री बनाने का काम होता है. जय राम गोस्वामी इसी कंपनी में मजदूरी करते थे. घटना के बाद उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि स्थानीय लोगों में कंपनी प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश देखा जा रहा है.
बकाया मजदूरी को लेकर विवाद का परिजनों ने लगाया आरोप
मृतक के भाई संजय गोस्वामी ने कंपनी प्रबंधन पर आरोप लगाते हुए कहा कि मैनेजर मजदूरों से काम तो पूरा करवाता था, लेकिन मजदूरी का भुगतान करने में आनाकानी करता था. परिजनों का आरोप है कि बकाया मजदूरी की मांग को लेकर हुए विवाद के बाद ही घटना हुई. परिजनों ने सवाल उठाया कि यदि यह हादसा है तो मजदूर को सुरक्षा उपकरण क्यों नहीं उपलब्ध कराए गए. उन्होंने घटना की परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. परिजनों के अनुसार, मृतक के माथे के समीप गंभीर चोट के निशान हैं.

कंपनी प्रबंधन ने आरोपों को बताया निराधार
कंपनी के प्रबंधक अनिल कुशवाहा ने परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों को निराधार बताया. उन्होंने कहा कि काम के दौरान पोल के पैनल उठाने के क्रम में दुर्घटना हुई. प्रबंधक के अनुसार, घटना के तुरंत बाद मजदूर को अररिया सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. उन्होंने बताया कि कंपनी परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं और यह एक आकस्मिक हादसा है.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की. पुलिसकर्मी मृतक के परिजनों और कंपनी प्रबंधन से घटना के संबंध में जानकारी ले रहे हैं. मामले में पुलिस की जांच के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियों और जिम्मेदारी से जुड़े तथ्यों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए