जाम का झाम और हादसों की सड़क बना जीरो माइल: मौलाना आजाद की प्रतिमा और गोलंबर निर्माण की मांग पर अड़े युवा
फोटो: 21 सितंबर की रात्रि के 12 बजे भी डटे रहे धरना पर युवा | Prabhat Khabar Network
अररिया में यूथ यूनियन ने गोलंबर निर्माण और यातायात सुधार की मांग पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया है. युवाओं ने प्रशासन से लिखित आश्वासन मिलने तक प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान किया है.
अररिया. जिला प्रशासन पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए यूथ यूनियन अररिया के बैनर तले युवाओं ने जीरो माइल चौक पर 20 सितंबर से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया है. प्रदर्शनकारी एनएच-327ई के निर्माण के दौरान ध्वस्त किए गए मौलाना अबुल कलाम आजाद गोलंबर के पुनर्निर्माण और बदहाल यातायात व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं. युवाओं ने स्पष्ट किया है कि मांगें पूरी होने तक धरना जारी रहेगा.
गोलंबर तोड़ते समय बेहतर निर्माण का दिया गया था भरोसा
धरने का नेतृत्व कर रहे युवाओं ने आरोप लगाया कि हाईवे निर्माण के दौरान गोलंबर तोड़े जाने का स्थानीय स्तर पर विरोध किया गया था. उस समय जिला प्रशासन, सड़क निर्माण कंपनी और ठेकेदार की ओर से पहले से बेहतर और भव्य गोलंबर बनाने का आश्वासन दिया गया था.
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि हाईवे का निर्माण पूरा हो चुका है और उद्घाटन भी हो गया, लेकिन कई महीने बीतने के बावजूद गोलंबर का पुनर्निर्माण शुरू नहीं किया गया. युवाओं ने कहा कि मौलाना अबुल कलाम आजाद के नाम पर बने गोलंबर को हटाने के बाद प्रशासन अपने वादे से पीछे हट गया है.
जीरो माइल पर जाम और दुर्घटनाओं को लेकर चिंता
यूथ यूनियन से जुड़े युवाओं का आरोप है कि गोलंबर हटने के बाद जीरो माइल चौक पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है. उनके अनुसार सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक चौक पर जाम की स्थिति बनी रहती है.
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि चौक पर ट्रैफिक सिग्नल की व्यवस्था नहीं है. भारी वाहनों, टोटो और ऑटो की आवाजाही के कारण स्कूली बच्चों, कॉलेज विद्यार्थियों और आम राहगीरों को परेशानी होती है. उन्होंने चौक पर लगातार दुर्घटनाएं होने का भी दावा किया और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की.
यूथ यूनियन की तीन सूत्री मांग
यूथ यूनियन अररिया ने अपनी मांगों को लेकर तीन सूत्री मांग रखी है.
- जीरो माइल चौराहे पर पहले की तरह भव्य मौलाना अबुल कलाम आजाद गोलंबर का तत्काल पुनर्निर्माण किया जाए.
- गोलंबर के बीचों-बीच प्रथम शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद की प्रतिमा स्थापित कर गोलंबर का नामकरण उनके नाम पर किया जाए.
- जीरो माइल चौक पर ट्रैफिक सिग्नल और सुचारु यातायात व्यवस्था बहाल की जाए.
लिखित आश्वासन मिलने तक धरना जारी रखने का ऐलान
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह धरना केवल गोलंबर के पुनर्निर्माण की मांग तक सीमित नहीं है, बल्कि अररिया के सम्मान और बेहतर यातायात व्यवस्था से जुड़ा मुद्दा है. युवाओं ने ऐलान किया कि जब तक प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक जीरो माइल पर अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा.
दिन-रात धरनास्थल पर डटे हैं युवा
20 सितंबर से शुरू हुए धरने में दिन और रात दर्जनों युवा धरनास्थल पर मौजूद रह रहे हैं. मौके पर नेहाल यासीन, अक्रूजमा, नासिर, कामरान, आसिफ, शाकिब, काशिफ, दिलखुश और दिलशाद समेत अन्य युवा उपस्थित थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए