धांधली पर सीधे पटना से कार्रवाई : सीएम

Published at :30 May 2014 8:26 AM (IST)
विज्ञापन
धांधली पर सीधे पटना से कार्रवाई : सीएम

गया: मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने गुरुवार को समाहरणालय में प्रशासनिक अधिकारियों व विधायकों के साथ बैठक की और विकास योजनाओं व विधि-व्यवस्था की समीक्षा की. इस दौरान विधायकों द्वारा विकास योजनाओं में गड़बड़ी की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में कहा कि किसी भी सूरत में धांधली बरदाश्त नहीं की जायेगी और न […]

विज्ञापन

गया: मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने गुरुवार को समाहरणालय में प्रशासनिक अधिकारियों व विधायकों के साथ बैठक की और विकास योजनाओं व विधि-व्यवस्था की समीक्षा की.

इस दौरान विधायकों द्वारा विकास योजनाओं में गड़बड़ी की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में कहा कि किसी भी सूरत में धांधली बरदाश्त नहीं की जायेगी और न ही इसमें संलिप्त अधिकारियों व ठेकेदारों को बख्शा जायेगा. उनके पास कार्यकर्ता की शिकायत आयेगी, तो हम इसकी जांच डीएम व एसएसपी से नहीं करायेंगे. दूसरी एजेंसी से जांच करा कर सीधे पटना से कार्रवाई की जायेगी. योजना का लाभ हर हाल में समाज के अंतिम पायदान पर गुजर बसर कर रहे लोगों तक पहुंचे. इसमें कोताही व अड़ंगा डालनेवालों की जगह जेल है. ऐसे लोगों की पहचान कर कार्रवाई करें.

करीब ढाई घंटे तक चली बैठक के दौरान बाराचट्टी की विधायक ज्योति मांझी, बोधगया के विधायक डॉ श्याम देव पासवान, टिकारी के विधायक अनिल कुमार, अतरी के विधायक कृष्णनंदन यादव, शेरघाटी विधायक विनोद प्रसाद यादव, वजीरगंज के विधायक वीरेंद्र सिंह व गुरुआ के विधायक सुरेंद्र प्रसाद सिन्हा सहित अन्य विधायकों ने योजनाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार और नौकरशाहों की कार्यशैली की शिकायत की. विधायकों ने एक-एक योजनाओं के बारे में सीएम को विस्तृत जानकारी दी. उनकी बातों को सुनने के बाद सीएम ने हरेक योजना की जांच कराने के आदेश गृह सचिव आमिर सुभानी को दिया.

श्री मांझी ने कहा कि देश-दुनिया में गया की एक अलग पहचान है. हाल के वर्षो में गया शहर का स्वरूप बदला है. इस छवि को और अधिक बेहतर बनाने के लिए सामूहिक प्रयास की जरूरत है. बैठक के दौरान जहानाबाद के सांसद अरुण कुमार, विधान पार्षद अनुज कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी-अपनी बातें रखीं.

क्या कहती हैं बाराचट्टी की विधायक

बैठक से बाहर आने के बाद बाराचट्टी से जदयू की विधायक सह मुख्यमंत्री की समधिन ज्योति मांझी ने कहा कि बताइए बाबू, उन्होंने बाराचट्टी के लाड़ू-डेमा में नदी पर डेढ़ करोड़ की लागत से पुल बनाने की योजना की स्वीकृति दिलायी. लेकिन, पुल के शिलान्यास कार्यक्रम में उन्हें बुलाया ही नहीं गया. अधिकारियों व ठेकेदार ने मिल कर स्थानीय विधायक की अनदेखी की. उन्होंने बताया कि मोहनपुर के मुहाने नदी पर करोड़ों की लागत से पुल का निर्माण किया जा रहा है. इसमें ठेकेदार द्वारा बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की जारी है. पुल निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाये गये, लेकिन डीएम ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की. बैठक में सीएम के सामने ही उन्होंने जिले के अधिकारियों की शिकायत की.

गुरुआ के विधायक ने सुनायी अपनी पीड़ा

बैठक में गुरुआ विधायक सुरेंद्र प्रसाद सिन्हा ने सीएम से कहा कि महोदय, एक भी अधिकारी उनकी नहीं सुनते हैं. एक ट्रांसफॉर्मर को बदलने के लिए बिजली विभाग के अधिकारी को तीन माह से कह रहे हैं. लेकिन, अब तक ट्रांसफॉर्मर नहीं बदला गया है. अब बताइए, जब नौकरशाह विधायक की बात की अनदेखी करेंगे, तो जनता का काम कैसे होगा? एक-एक अधिकारी पर लगाम लगाइए, तभी गया जिले का सर्वागीण विकास संभव है. न तो आप पटना से पैसा भेजते जाइयेगा और ये अधिकारी यहां कुंडली मार कर बैठे रहेंगे.

बैठक में गृह सचिव आमिर सुबहानी, खाद्य आपूर्ति विभाग के प्रधान सचिव, बिजली बोर्ड के सचिव संदीप पौंड्रिक, जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव अरुण कुमार सिंह, मगध के आयुक्त आरके खंडेलवाल व डीआइजी बच्चू सिंह मीणा, डीएम बाला मुरुगन डी, एसएसपी निशांत कुमार तिवारी, सिटी एसपी चंदन कुमार कुशवाहा सहित बड़ी संख्या अधिकारी उपस्थित थे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन